बेटियों में बढ़ा BTech का क्रेज, IIIT और MNNIT में छात्राओं की संख्या में इजाफा

पारंपरिक रवायतों से इतर अब लड़कियां चुनौतीपूर्ण राहों पर कदम बढ़ा रही हैं। पिछले कुछ वर्षों के दौरान लड़कियों में इंजीनियरिंग के प्रति बढ़ता क्रेज इसकी बानगी है। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) और ट्रिपलआईटी के बीटेक पाठ्यक्रमों में पिछले साल की तुलना में छात्राओं की संख्या में वृद्धि हुई है।

एमएनएनआईटी के मौजूदा सत्र में बीटेक पाठ्यक्रमों में छात्राओं की संख्या 21 फीसदी है। वहीं ट्रिपलआईटी के बीटेक पाठ्यक्रमों में छात्राओं की संख्या 20 फीसदी से ज्यादा है। एमएनएनआईटी के रजिस्ट्रार डॉ. सर्वेश तिवारी ने बताया कि विगत तीन वर्षों से संस्थान के बीटेक पाठ्यक्रम में छात्राओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। 

mdu pg exam 2021  representative image livemint

एमएनएनआईटी: तीन साल का छात्राओं का ग्राफ  
शैक्षिक सत्र 2020-21 में बीटेक की नौ ब्रांच में 1060 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिए है। इसमें 222 छात्राएं हैं। यानी संस्थान में छात्राओं की संख्या तकरीबन 21 फीसदी है। शैक्षिक सत्र 2019-20 में 936 विद्यार्थियों में 163 छात्राएं थीं। वहीं 2018-19 में बीटेक के कुल 886 छात्र-छात्राओं में 137 छात्राएं थीं। 

ट्रिपलआईटी: तीन वर्ष में बढ़ा छात्राओं का ग्राफ 
ट्रिपलआईटी में बीटेक के तीन ट्रेड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी), इलेक्ट्रानिक एंड कम्युनिकेशन (ईसी) और आईटी बिजनेस इनफार्मेटिक्स में प्रवेश होता है। संस्थान की रजिस्ट्रार प्रो. विजयश्री तिवारी के अनुसार शैक्षिक सत्र 2020-21 में 436 विद्यार्थियों में 348 छात्र और 88 छात्राएं हैं। शैक्षिक सत्र 2019-20 में 384 प्रवेश में 317 छात्र और 67 छात्राएं थीं। 2018-19 में 292 विद्यार्थियों ने बीटेक में प्रवेश लिया था। इनमें 248 छात्र और 42 छात्राएं शामिल थीं।  

बीटेक में वर्षवार छात्राओं की संख्या 
संस्थान        2020    2019    2018 
एमएनएनआईटी    222    163    137
ट्रिपलआईटी        88    67    42

अपनी रैंक के दम पर बेटियों का दबदबा  
किसी भी तकीनीकी संस्थान में छात्राओं की कुल संख्या का कम से कम 20 फीसदी होनी चाहिए। इसी क्रम में एमएनएनआईटी और ट्रिपलआईटी में सुपर न्यूमरेरी के तहत छात्राओं के लिए 20 फीसदी सीटें आरक्षित हैं। रजिस्ट्रार विजयश्री ने बताया कि बीटेक के तीनों ब्रांचों में सुपर न्यूमरेरी कोटे की 88 सीटें आरक्षित की गई थीं। इसके सापेक्ष 25 छात्राओं ने प्रवेश लिया है। लेकिन कुल 88 छात्राओं ने दाखिला लिया है। इसमें 63 छात्राओं ने कोटे को दरकिनार करके अपने प्रवेश परीक्षा की रैंक के दम पर बीटेक में प्रवेश लिया है। 

तकनीकी शिक्षा
– राष्ट्रीय महत्व के ट्रिपलआईटी और एमएनएनआईटी में बढ़ा छात्राओं का दाखिला
– एमएनएनआईटी में 222 ,ट्रिपलआईटी में 88 छात्राएं हैं अध्ययनरत 
– अपने निर्धारित कोटे से इतर मेधा के बल पर छात्राओं को मिला प्रवेश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here