नायब सैनी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार आज, शाम साढ़े चार बजे शपथ लेंगे नए मंत्री

हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार आज शाम 4:30 होगा। सूत्रों के अनुसार, आज छह विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सभी की नजरें पूर्व गृहमंत्री अनिल विज पर टिकी हैं।  

सूत्रों के अनुसार, आज मंत्रिमंडल में सुभाष सुधा, सीमा त्रिखा, संजय सिंह, कमल गुप्ता, विशंभर वाल्मीकि, अभय यादव को शामिल किया जाएगा। अनिल विज का नाम इस सूची में शामिल नहीं है। सूत्रों का दावा है कि सैनी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार पहले लोकसभा चुनाव के बाद होना था, लेकिन बाद में तय हुआ कि कैबिनेट में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बैठाने के बाद ही भाजपा लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरे। अभी मंत्रिमंडल में सीएम ओबीसी, दो जाट, एक-एक एससी, गुर्जर और ब्राह्मण समाज से मंत्री हैं।

पंजाबी, राजपूत, वैश्य और यादव समाज से कोई मंत्री नहीं है। इसलिए भाजपा हाईकमान ने चुनाव से पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार को हरी झंडी दे दी। शनिवार को भी मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां हो गई थीं। मंत्रियों के लिए पांच गाड़ियां राजभवन के बाहर पहुंच गई थीं, लेकिन कुछ देर बाद आनन-फानन कार्यक्रम बदल दिया गया। वहीं मंत्रिमंडल विस्तार से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहली बार अंबाला पहुंचे। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री अनिल विज नहीं दिखे। इसके बाद सीएम का काफिला करनाल के लिए रवाना हो गया। जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आ रहे हैं।  

नाराजगी की बात से विज का इनकार
दो दिन पहले अंबाला छावनी में उपमंडल कार्यालय शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के अनावरण के दौरान विधायक अनिल विज ने अपनी चुप्पी तोड़ी थी। उन्होंने कहा था कि वह किसी से नाराज नहीं हैं। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं थी और उन्हें उनसे किसी ने संपर्क भी नहीं किया था।

उन्होंने यह भी कहा था कि शपथ ग्रहण के बाद से उनकी किसी ने कोई बात नहीं की है। उन्होंने कहा था कि जो कर रहे हैं अच्छा कर रहे हैं।अच्छी सरकार चलाएंगे, और जो नायब सैनी, जिसको मुख्यमंत्री बनाया है, हमारा छोटा भाई है, हमें उम्मीद है कि वो बहुत बेहतरीन काम करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here