मजीठिया के समर्थन में उतरे कैप्टन

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया पर केस दर्ज करने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ड्रग केस की जांच रिपोर्ट का बंद लिफाफा अभी हाईकोर्ट में है। इसको खोला तक नहीं गया है। किसी से दुश्मनी निकालने के लिए बिना किसी सुबूत के ऐसा करना जायज नहीं है क्योंकि देश में कानून का राज है।  

बिक्रम मजीठिया पर कार्रवाई लोकतंत्र के खिलाफ
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि बिक्रम मजीठिया को झूठा फंसाया जा रहा है। उसके खिलाफ कोई सबूत ही नहीं हैं तो उसे कैसे गिरफ्तार किया जाएगा। किसी से दुश्मनी निकालने के लिए केस दर्ज करवाना लोकतंत्र के खिलाफ है। कैप्टन ने कहा कि जिसने गुनाह किया हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए न कि किसी की बातों में आकर केस दर्ज करवाना चाहिए। कैप्टन ने कहा कि मजीठिया पर एफआईआर दर्ज करके अगर उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है तो वह अगले दिन जमानत पर बाहर आ जाएगा क्योंकि सरकार के पास कोई भी सबूत नहीं है। 

गजेंद्र सिंह शेखावत सीटों के बंटवारे करेंगे
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है। जहां भाजपा प्रत्याशी होगा, वहां पंजाब लोक कांग्रेस मदद करेगी और जहां हमारी पार्टी का प्रत्याशी होगा, वहां भारतीय जनता पार्टी मदद करेगी। सीटों के बंटवारे को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आ रहे हैं, क्योंकि जीत का फार्मूला समझौते का आधार होगा। दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव घोषणा पत्र तैयार करेंगी। 


भाजपा के साथ है सुखदेव ढींढसा का समझौता
कैप्टन ने कहा वरिष्ठ अकाली नेता सुखदेव सिंह ढींढसा का भाजपा के साथ सीधे तौर पर समझौता है। इसलिए भाजपा लीडरशिप को बोल दिया गया है कि आपका फैसला हमें मंजूर होगा। हम दो चार सीटों के लिए नहीं बल्कि पंजाब में सरकार बनानी है। उन्होंने कहा पाकिस्तान की तरफ से पंजाब में हथियारों के अलावा ड्रोन टिफिन बम तक आने लगे हैं। पंजाब की सुरक्षा सबसे पहले है लेकिन पंजाब सरकार कहती है उनको कुछ नहीं पता, जो शर्म की बात है। 

देश की सुरक्षा के चलते पंजाब पुलिस का सभी सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग रहता है। पठानकोट से लेकर फाजिल्का तक का क्षेत्र पाकिस्तान से लगता है। इसलिए पंजाब में नई सरकार आकर देश की सुरक्षा, किसानों की प्रबंध, इंडस्ट्री का प्रबंध, बच्चों की शिक्षा का प्रबंध करेगी, क्योंकि कांग्रेस सरकार को 10 दिन बाद खात्मा हो जाना है। कैप्टन ने आरोप लगाया कि विधायक हरदयाल सिंह कंबोज, विधायक मदनलाल जलालपुर पूरी तरह से लूट रहे हैं। तरनतारन में खराब शराब पीकर 123 व्यक्ति मर गए थे। हमारी कार्रवाई से पहले शराब का मामला सीबीआई ने अपने हाथ में ले लिया था। 

जग्गा पंजाब लोक कांग्रेस में शामिल
पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से रोड शो में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ ने जगदीश जग्गा को भावुक कर दिया। रोड शो में पहुंचे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह जगदीश जग्गा की तारीफ किए बगैर रह नहीं सके। रोड शो का समय दोपहर 12 बजे का था लेकिन जग्गा 11 बजे कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच गए। 

कैप्टन अमरिंदर सिंह और जग्गा का जगह-जगह स्वागत किया गया। जिसका नतीजा यह निकला कि रैली स्थल तक पहुंचने में काफिला एक घंटा लेट हो गया। लेट होने के बावजूद कार्यकर्ताओं के जोश में कोई कमी नजर नहीं आई। रोड शो में करीब 300 से ज्यादा कार और मोटरसाइकिल और वाहन शामिल होने का अनुमान लगाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार राजपुरा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पैप्सू विकास बोर्ड के सीनियर वाइस चेयरमैन जगदीश जगा के निवास पर पहुंचे, जहां दर्जनों साथियों के साथ जगा पंजाब लोक कांग्रेस में शामिल हो गए। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here