दिल्ली नगर निकाय में केंद्र सरकार ने विशेष अधिकारी नियुक्त किये

केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से 1992 बैच के आईएएस अधिकारी अश्विनी कुमार को दिल्ली नगर निगम का विशेष अधिकारी नियुक्त किया गया है। 22 मई से पूरी दिल्ली के लिए एक नगर निगम होगा। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को तीनों निगमों को एक करने की अधिसूचना जारी की थी। दिल्ली नगर निगम संशोधन अधिनियम के अनुसार निगम की पहली बैठक होने तक नगर निकाय के कामकाज को संभालने के लिए केंद्र सरकार को एक स्पेशल अधिकारी की नियुक्ति करनी थी, इसी के तहत आईएएस अधिकारी अश्विनी कुमार को एमसीडी का विशेष अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, दिल्ली संयुक्त नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती होंगे।

दिल्ली नगर निगम चुनाव के बाद निगम सदस्यों और फिर महापौर की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक स्पेशल अफसर के कंधों पर निकाय के कामकाज की जिम्मेदारी होगी। ऐसे में राजधानी में भाजपा शासित तीनों निगम 22 मई को भंग हो जाएंगे। साथ ही दिल्ली नगर निगम अधिनियम (संशोधित) 2022 राजधानी में प्रभावी रूप से लागू हो जाएगा। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम का कार्यकाल बुधवार को समाप्त हो गया। उत्तरी निगम का कार्यकाल गुरुवार को और पूर्वी दिल्ली नगर निगम का कार्यकाल 22 मई को एकीकरण से पहले समाप्त हो जाएगा।

निगम की सामान्य रूप से जारी रहेंगी सेवाएं
निगम की मूलभूत सेवाएं, जैसे कि स्वास्थ्य और शिक्षा, स्वच्छता, संपत्ति कर इकट्ठा करने, लाइसेंस देने, विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी कार्य पहले की तरह जारी रहेंगे। आमजन तक इन तमाम सेवाओं का लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here