अमलोह में गली-गली घूमे सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल

सीएम भगवंत मान ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ शनिवार को फतेहगढ़ साहिब के अमलोह से घर-घर मुफ्त राशन योजना को लांच किया।

अमलोह के गांव दारा सिंह वाला में मान और केजरीवाल खुद गलियों में घूमे और लोगों को राशन बांटकर उन्हें योजना के बारे में बताया। इसके बाद सीएम मान और अरविंद केजरीवाल खन्ना पहुंचे और गांव सलाना के कई घरों में जाकर राशन खुद वितरित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि अब उन्हें कहीं भी राशन लेकर आने की जरुरत नहीं बल्कि सरकार उनके घर तक राशन पहुंचाएगी। 

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार लोगों की है और लोगों के ही विकास कार्य करने में जुटी है। कड़ी सुरक्षा के बीच केजरीवाल और सीएम भगवंत मान ने राशन बांटा और लोगों से बातचीत भी की। लोगों को राशन बांटने के दौरान एक प्राथी ने सीएम से कैंसर के इलाज के लिए मदद मांगी तो उन्होंने संगरुर में उसका इलाज मुफ्त करने का एलान भी किया और वहां बच्चियों से पढ़ाई पूरी कर सरकारी नौकरी के लिए अप्लाई करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि मैरिट के आधार पर बिना सिफारिश के उन्हें नौकरी दी जाएगी।

मान ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है क्योंकि पंजाब में घर घर राशन पहुंचाने की स्कीम की शुरुआत हुई है। जिसके लिए राष्ट्रीय कनवीनर और दिल्ली के सीएम खुद पहुंचे। जिन्होंने बड़े बड़े राजनीतिक लोगों को धरती दिखाई है और देश में राजनीति को नई दिशा और दशा दी है। उन्होंने इस स्कीम का पूरा जायजा भी लिया है। 

मान ने कहा कि राशन में आटा जो क्वालिटी का है वह वही है जो वह खुद और उनके सभी मंत्री अपने घरों में इस्तेमाल करते है। अब पंजाब में दूसरे या तीसरे दिन खुशियां आ रही है। कई प्रोजेक्ट पर पंजाब सरकार काम कर रही है। इस स्कीम का लाभ भी पंजाब में 24.79 लाख लोगों को पहुंचेगा। 

सीएम ने कहा कि पंजाब सरकार ने चालीस हजार लोगों को नौकरियां दी। रजिस्ट्रियों पर एनओसी खत्म करवा दी। अब पंजाब में फैक्ट्रियां आ रही हैं। पंजाब अपने पुराने रंग में रगने लगा है। रंगला पंजाब बनने की तरफ बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में पंजाब को फिर से नंबर वन बना दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में केजरीवाल ने जो बूटा लगाया था वह आज कई लोगों को छांव दे रहा है। उनकी बनाई पार्टी आज लोगों के लिए काम कर रही है। जो आगे करती रहेगी।

गोइंदवाल प्लांट सरकार ने खरीदा, रविवार को होगा उद्घाटन
सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में लगातार खुशियां आ रही है। सरकार के पास बिजली पूरी है, लेकिन बिजली सरप्लस करने के लिए गोइंदवाल प्लांट भी सरकार ने खरीद लिया है। जो एक प्राइवेट कंपनी के पास था। कल उनसे रस्मी तौर पर चाबियां ले ली जाएंगी। 540 मेगावाट का प्लांट है जिसका नाम श्री गुरु अमरदास थर्मल प्लांट रखा गया है। कल वह भी पंजाब सरकार का हो जाएगा। झारखंड में पंजाब की कोयले की खान है जहां से कोयला आएगा और बिजली बनेगी। पंजाब में सस्ती बिजली लोगों तक पहुंचाई जाएगी और इंडस्ट्री को भी बिजली सस्ती दी जाएगी ताकि ओर फैक्ट्रियां आए।

दिल्ली की दुकानों पर बिकेगा पंजाब का वेरका दूध
मान ने कहा कि मार्कफैड को पिछली सरकारों ने घाटे में दिखाया जो सीधे सीधे किसानों से जुड़ा है। कोई समय था जब वेरका दूध की पूरे देश में पहचान थी। बंगाल में भी वेरका का दफ्तर है जो कलकत्ता में बना है। जिसके बारे में सरकार को तीन महीने पहले ही पता चला। दिल्ली सरकार से इजाजत मिल चुकी है। वेरका का दूध अब दिल्ली की दुकानों पर भी बिकेगा। जिसके बाद बंगाल में चल रहे वेरका के दफ्तर को भी खोला जाएगा और काम को बढ़ाया जाएगा ताकि पंजाब के लोगों को काम मिले और पंजाब को नंबर वन राज्य की तरफ ले जाया जाए। 

सीएम मान ने कहा कि विपक्षी पार्टियां कहती थी कि दिल्ली मॉडल पर काम किया जा रहा है। दिल्ली माडल को देख परख करने के बाद कई कार्य किए गए है। मोहल्ला क्लीनिक आज पंजाब में पूरी तरह से कामयाब है। स्कूल ऑफ एमीनेंस प्रोजेक्ट भी पूरा कामयाब हो चुका है। अब सरकार ने वेरका को प्रोफिट में लाना है ताकि किसानों को लाभ पहुंचे।

पंजाब बचाओ नहीं परिवार बचाओ यात्रा पर निकले हैं सुखबीर
रैली के दौरान सीएम भगवंत मान ने अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल को आड़े हाथ लिया। उन्होने कहा कि अकाली दल पंजाब बचाओ यात्रा नहीं बल्कि परिवार बचाओ यात्रा पर निकले है। पहले दिन सुखबीर अपने साले के इलाके में थे और दूसर दिन जीजा के इलाके में थे और लोगों से हाथ हिला कर और हाथ जोड़ कर यहीं कह रहे थे कि परिवार को बचा लो। सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने पंजाब को खत्म किया लोगों ने उनके हाथों से पंजाब बचा लिया है। अब पंजाब पूरी तरह से सेफ है सही हाथों में है और पंजाब में पूरा विकास भी हो रहा है। जिन लोगों ने गुरु साहिब की बेअदबी करवाई और अब वह खुद को बचाने की बात करते है। गुरु साहिब की चक्की धीरे जरूर चलती है, लेकिन पीसती काफी बारीक है। हर व्यक्ति को अपने पापों का फल भोगना पड़ेगा। उन्होने कहा कि जो सुखबीर बादल कभी होटलों और कारों से बाहर नहीं निकलता था। उसे पंजाब की जनता ने कारों पर बैठने के लिए मजबूर कर दिया। अब वह कारों पर बैठ कर खाना खा रहा है और वहीं पानी पी रहा है और साथ में लोगों से हाथ जोड़ माफी मांग रहा है कि परिवार को बचा लो।

पंजाब का खजाना कभी खाली नहीं हुआ, वहीं लोग है जो काम कर रहे है
सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में पहले कोई इंडस्ट्री के लिए लगाता था तो कहते थे कि हिस्सा दो। करप्शन चरम सीमा पर थी। अब कोई इंडस्ट्री लगाने की बात करता है तो हम कहते है कि पंजाब के लोगों को रोजगार दो। उन्होंने कहा कि पंजाब का खजाना कभी खाली नहीं हहुआ। पंजाब में वहीं पैसा है और वहीं अधिकारी है जो पूरे मन से काम कर रहे है। नियत और निति में फर्क होता है। आम आदमी पार्टी की सरकार नियत से काम करने में लगी है। दिक्कत उन लोगों को हो रही है। जिन की कुर्सियां चली गई। अब पंजाब में नई तरह की बेरोजगारी शुरू हुई है। जिसमें सुखबीर सिंह बादल, मजीठिया, वड़िंग और बाजवा जैसे लोग बेरोजगार हो चुके है जिन्होंने राजनीति को धंधा बना रखा था। उन्होंने कहा कि भाजपा भी धक्केशाही कर रही है। 36 वोट गिनने के लिए 25 प्रतिशत का घपला किया जा रहा है तो 90 करोड़ वोट गिनने में कितना घपला होगा लोग सोच ले। चंडीगढ़ में अब मेयर भी आम आदमी पार्टी का ही होगा।

कर्मचारी नेता सुखजीत सिंह घर में नजरबंद
भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खन्ना आगमन के चलते पंजाब के मजदूर नेता सुखजीत सिंह को जालंधर पुलिस ने प्रदर्शन के मद्देनजर घर में ही नजरबंद कर दिया। सुखजीत सिंह ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने धमकी दी कि घर से बाहर निकले तो पर्चा दर्ज किया जाएगा। 

सीपीएफ यूनियन पंजाब के प्रधान सुखजीत सिंह ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार लोगों की आवाज दबा रही है, जिससे लोकतंत्र की हत्या हो रही है। एक तरफ सरकार बाबा साहेब की तस्वीर रखकर संविधान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर यह सरकार संविधान की धज्जियां उड़ाती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में मजदूर वर्ग सरकार को इसका जवाब जरूर देगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here