कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की

लखनऊ: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी की ओर से गुरुवार को जारी की गई लिस्ट में 41 उम्मीदवारों के नाम है। इसमें 16 महिला उम्मीदवार हैं। 

इससे पहले पार्टी की ओर से 13 जनवरी को यूपी चुनाव के लिए 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी। इसमें उन्नाव रेप पीड़िता की मां समेत 50 महिला उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। जारी हुई दूसरी लिस्ट के मुताबिक कैराना से कांग्रेस ने हाजी अखलाख को उम्मीदवार बनाया है।

वहीं शामली को मोहम्मद अयूब जंग को टिकट मिला है। इसके अलावा मुजफ्फरनगर से कांग्रेस ने सुबोध शर्मा को मैदान में उतारा है। साथ ही बागपत से अनिल देव त्यागी, आगरा कैंट से सिकंदर वाल्मीकि और कटरा से मुन्ना सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस ने इन 16 महिलाओं को दिया टिकट

कांग्रेस की दूसरी सूची में जिन महिला उम्मीदवारों के नाम हैं, वे इस प्रकार हैं- सुखविंदर कौर (सहारनपुर नगर), यास्मीन राणा (चरथावल), सलमा आगा अंसारी (ठाकुरद्वारा), कल्पना सिंह (बिलारी), श्रीमति मिथिलेश (चंदौसी), संगीता त्यागी (साहिबाबाद), नीरज कुमारी प्रजापति (मोदीनगर) के नाम शामिल हैं।

हापुड़ से भावना वाल्मिकी, सयाना से पूनम पंडित, देबाई से सुनीता शर्मा, खैर से मोनिका सूर्यवंशी, इगलास से प्रीति ढांगर, छाता से पूनम देवी, मांट से सुमन चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है। उषा गंगवार को नवाबगंज और प्रियंका जैसवाल को अकबरपुर से पार्टी ने टिकट दिया है।

बता दें कि कुछ महीने पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ कैंपेन की शुरुआत करते हुए प्रियंका गांधी ने घोषणा की थी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को है। वहीं सातवें और अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here