नई दिल्ली। बॉर्डर 2 (Border 2) को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पहले से ही देखने को मिल रहा था और रिलीज के साथ ही फिल्म ने उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने का काम किया है। माना जा रहा था कि यह फिल्म पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाएगी और ठीक वैसा ही हुआ। साल 1997 में आई बॉर्डर के समय जिस तरह सिनेमाघरों के बाहर टिकट के लिए लंबी कतारें लगती थीं, करीब तीन दशक बाद भी दर्शकों का जोश कम होता नजर नहीं आया—बस फर्क इतना है कि अब टिकट ऑनलाइन बुक हो रहे हैं।

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 29 साल पुरानी यादों को नए अंदाज में फिर से जीवंत कर दिया है। 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई बॉर्डर 2 को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का असर सीधे फिल्म की कमाई पर दिखा है।

ओपनिंग डे पर नया रिकॉर्ड

पहले दिन की कमाई के मामले में बॉर्डर 2 ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म धुरंधर का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है। दिसंबर 2025 में आई धुरंधर ने ओपनिंग डे पर घरेलू बॉक्स ऑफिस से करीब 28 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं, बॉर्डर 2 ने इससे आगे निकलते हुए पहले ही दिन ज्यादा कारोबार दर्ज किया है।

बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, सनी देओल स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन लगभग 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। दिलचस्प बात यह है कि यह आंकड़ा 1997 में आई बॉर्डर के कुल भारतीय कलेक्शन का आधे से भी ज्यादा है, जिसने अपने पूरे रन में करीब 39 करोड़ रुपये कमाए थे। पहले दिन की इस मजबूत शुरुआत को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई और रफ्तार पकड़ सकती है।

क्या है फिल्म की कहानी

बॉर्डर 2 की कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस बार फिल्म में थलसेना के साथ-साथ नौसेना और वायुसेना के जांबाजों की वीरता को भी दिखाया गया है। फिल्म में सनी देओल, अहान शेट्टी, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और सोनम बाजवा अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। निर्देशन की कमान अनुराग सिंह ने संभाली है।