टेलीविजन के मशहूर अभिनेता पंकज धीर, जिन्होंने बी.आर. चोपड़ा की ऐतिहासिक श्रृंखला ‘महाभारत’ में कर्ण की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाई, का बुधवार (15 अक्टूबर) को निधन हो गया। वे 11:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि अभिनेता फिरोज खान ने की, जिन्होंने उसी धारावाहिक में अर्जुन का किरदार निभाया था।

फिरोज खान ने बताया, “हां, यह सच है कि पंकज अब हमारे बीच नहीं रहे। मैंने एक बेहद करीबी दोस्त को खो दिया है। वे न केवल एक शानदार अभिनेता थे, बल्कि एक नेकदिल इंसान भी थे। इस क्षति को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।”

पंकज धीर के निधन से पूरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार बुधवार शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा।

कैंसर से लड़ते-लड़ते थक गए
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पंकज धीर पिछले कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने पहले इस बीमारी को मात दी थी, लेकिन कुछ महीने पहले कैंसर फिर लौट आया। लगातार उपचार के बावजूद उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई।

ऐसे बने ‘कर्ण’
दिलचस्प बात यह है कि पंकज धीर को शुरुआत में ‘महाभारत’ में अर्जुन का किरदार ऑफर किया गया था। उन्होंने इसके लिए कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर भी कर दिए थे, लेकिन जब बी.आर. चोपड़ा ने बताया कि अर्जुन के बृहन्नला अवतार के लिए उन्हें मूंछें मुंडवानी होंगी, तो पंकज ने मना कर दिया। उन्होंने कहा था कि उनका लुक मूंछों के बिना अधूरा लगेगा। चोपड़ा ने नाराज होकर उनसे कहा था, “क्या आप वाकई एक्टर हैं?”
इसके बाद उन्होंने पंकज को अर्जुन की जगह कर्ण का किरदार दिया — और यही भूमिका उनके अभिनय करियर की पहचान बन गई।

पंकज धीर ने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। ‘महाभारत’ के अलावा उन्होंने कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में भी यादगार भूमिकाएं निभाईं। उनके निधन से भारतीय मनोरंजन जगत ने एक सशक्त कलाकार खो दिया है।