बांग्लादेश: अंतरिम सरकार पर एनसीपी का वार, कानून व्यवस्था बहाल करने में नाकाम

बांग्लादेश में हाल ही में अस्तित्व में आई नेशनल सिटिजन पार्टी की संयुक्त संयोजक ताजनुवा जबीन ने अंतरिम सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में सरकार कानून-व्यवस्था को बहाल करने में विफल रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के शासन को निरंकुश करार देते हुए भारत सहित पड़ोसी देशों के साथ सम्मानजनक संबंधों की वकालत की।

कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल

ताजनुवा जबीन का कहना है कि बीते जुलाई में हुए विद्रोह के दौरान पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों और छात्रों पर हिंसक कार्रवाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरिम सरकार अब तक पुलिस, आरएबी, डीबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को जवाबदेह और प्रभावी रूप से पुनर्संगठित नहीं कर सकी है। इसके चलते आम जनता को झूठे मुकदमों और फर्जी आरोपों का सामना करना पड़ रहा है।

शेख हसीना के शासन को बताया निरंकुश

उन्होंने कहा कि करीब 15 वर्षों तक देश पर फासीवादी शासन रहा, जहां लोकतांत्रिक आवाजों को दबाया गया। जबीन के अनुसार, जबरन गायबियां, न्यायेतर हत्याएं और निजी बैंकों में वित्तीय अनियमितताएं आम हो गई थीं। हालांकि, पिछले वर्ष के घटनाक्रम के बाद लोकतंत्र की ओर एक बदलाव की शुरुआत हुई है, लेकिन इस प्रक्रिया की गति अपेक्षा से धीमी है।

चुनाव प्रक्रिया पर जताया भरोसा

ताजनुवा जबीन ने कहा कि अंतरिम सरकार ने शुरू में ही आगामी चुनाव की समयसीमा घोषित कर दी थी, जो संभवतः फरवरी या अप्रैल 2026 में हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख दलों ने राष्ट्रीय सहमति आयोग की चर्चाओं में भाग लिया है और सुधारों पर साझा सहमति बनने की उम्मीद है। उनका कहना है कि कार्यपालिका, न्यायपालिका और संसद को एक-दूसरे से स्वतंत्र और सशक्त बनाना आवश्यक है।

भारत सहित पड़ोसी देशों से संबंध सुधारने की वकालत

जबीन ने कहा कि बांग्लादेश सभी पड़ोसी देशों, विशेषकर भारत, के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों का पक्षधर है। उन्होंने सीमा पर हो रही घटनाओं और वीजा प्रतिबंधों को लेकर चिंता जताई और भारत से सौहार्द्रपूर्ण रवैया अपनाने की अपील की।

नई राजनीतिक पार्टी में युवाओं की भागीदारी

जबीन ने बताया कि उनकी पार्टी केवल चार महीने पुरानी है, लेकिन इसमें जुलाई विद्रोह से जुड़े युवा नेता और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह पार्टी देश में राजनीतिक वर्चस्व रखने वाले दो परिवारों के विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में महिलाओं की मजबूत भागीदारी है और नेतृत्व चयन में आंतरिक लोकतंत्र का पालन किया जा रहा है। पार्टी की फंडिंग प्रक्रिया भी पारदर्शी है और क्राउडफंडिंग के लिए एक समर्पित वेबसाइट स्थापित की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here