पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में मंगलवार को मतदान को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शुरुआती चार घंटे में 31.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। अगर यह रफ्तार कायम रही तो इस बार मतदान रिकॉर्ड स्तर छू सकता है।

इस चरण में राज्य की 122 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 9 बजे तक 14.55 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 11 बजे तक आंकड़ा बढ़कर 31.38% तक पहुंच गया। कुल 3.70 करोड़ मतदाता 1,302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण के लिए राज्य में 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। सुरक्षा के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें से 8,491 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।

सीमावर्ती जिलों में उत्साह

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जैसे नेपाल सीमा से सटे जिलों में भी मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। वाल्मीकि नगर क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हैं। युवा और महिलाएं मतदान के प्रति विशेष जोश दिखा रहे हैं।

अररिया में झड़प, पुलिस ने किया बल प्रयोग

अररिया के फारबिसगंज कॉलेज स्थित बूथ संख्या-198 पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प की घटना सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई।

ईवीएम में गड़बड़ी और सुरक्षा व्यवस्था

नवादा विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायत मिली, जिसके बाद मतदान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। सभी संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है और मतदान केंद्रों की सख्त निगरानी की जा रही है।

नेताओं के बयान और मतदान

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने कुछ बूथों पर मतदाताओं को मतदान केंद्र में प्रवेश न देने और लाठीचार्ज का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की अपील की है।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन की पत्नी रेणु हुसैन ने सुपौल में मतदान किया। उन्होंने कहा कि “मैं शादी के बाद पहली बार यहां वोट डाल रही हूं। बिहार के लोग विकास के लिए वोट कर रहे हैं, यह गर्व का क्षण है।”

जमुई में भारी भीड़

जमुई विधानसभा क्षेत्र के गुगुलडीह मतदान केंद्रों पर महिलाओं की सबसे अधिक भागीदारी देखी गई। जिले में पहले से चल रहे मतदाता जागरूकता अभियानों का असर स्पष्ट नजर आया। नक्सल प्रभावित इलाकों में भी शांतिपूर्ण मतदान जारी है और सुरक्षा बलों की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।

बिहार के दूसरे चरण के मतदान में जनता का उत्साह यह संकेत दे रहा है कि राज्य में लोकतंत्र का उत्सव पूरे जोश और शांति के साथ मनाया जा रहा है।