अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ को लेकर एक अहम बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि भारत ने अमेरिका पर लगाए गए सभी टैरिफ हटा दिए हैं और अब भारत में अमेरिकी उत्पादों पर बहुत कम या लगभग कोई टैरिफ नहीं है। ट्रंप का यह बयान तब आया जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर वार्ता चल रही है, लेकिन अभी तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। हालांकि, ट्रंप ने उन वस्तुओं और क्षेत्रों के बारे में कोई विशिष्ट जानकारी नहीं दी जिन पर यह बदलाव हुआ है। इस पर अमेरिका के अन्य अधिकारियों और भारतीय विदेश मंत्रालय से कोई टिप्पणी नहीं आई है।
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर चर्चा चल रही है, और ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि यह समझौता अमेरिका के अन्य व्यापार साझेदारों के साथ होने वाले समझौतों में से पहला हो सकता है।
ट्रंप का दावा: पहले ही हो चुकी है सहमति
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत दुनिया के कुछ सबसे उच्चतम टैरिफ लगाने वाले देशों में से एक है और यह अब बदलने जा रहा है। उन्होंने कहा, “भारत ने इस पर पहले ही सहमति जताई है और वे इसे शून्य करने की योजना पर काम कर रहे हैं।”
पहले प्रयासों में नाकामी
इससे पहले, ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी भारत और अमेरिका के बीच व्यापार डील पर चर्चा हुई थी। 2019 में, दोनों देशों के बीच समझौता होने के कगार पर था, और इसे ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान घोषित किया जाना था। लेकिन वह वार्ता सफल नहीं हो पाई, और बाइडेन के कार्यकाल में इसे आगे बढ़ाने की कोशिश नहीं की गई।
टैरिफ और व्यापारिक स्थिति
ट्रंप प्रशासन ने पहले लिबरेशन डे के मौके पर अपने प्रमुख व्यापार साझेदारों पर टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जिसमें भारत पर 26 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया था। हालांकि, चीन के खिलाफ 145 प्रतिशत का टैरिफ लगाया गया था, जबकि अन्य देशों के लिए 90 दिन की राहत दी गई थी। वर्तमान में भारत पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है।
अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने बताया कि अमेरिका अपने 18 प्रमुख व्यापार साझेदारों में से 17 देशों के साथ बातचीत कर रहा है, और जल्द ही व्यापार समझौतों की घोषणा की जा सकती है।