पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ से हाहाकार, 24 घंटे में 15 की मौत

पाकिस्तान के कई हिस्सों में लगातार मूसलाधार बारिश और बाढ़ से गंभीर तबाही हुई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में ही कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और लाखों लोग प्रभावित हुए। सबसे अधिक नुकसान पंजाब में हुआ है, जबकि खैबर पख्तूनख्वा में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं।

मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा
पिछले 24 घंटे में पंजाब में 10 और खैबर पख्तूनख्वा में पांच लोगों की मौत दर्ज की गई। इस साल 26 जून से अब तक पाकिस्तान में कुल 854 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 1100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें 130 बच्चे और 227 महिलाएं भी शामिल हैं।

पंजाब में बाढ़ ने बढ़ाई तबाही
पंजाब में अब तक 20 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सरकार ने बताया कि 7.6 लाख लोग और पांच लाख से ज्यादा मवेशियों को बचाया जा चुका है। लाहौर, हफीजाबाद और मुल्तान सहित कई जिलों में पिछले 24 घंटे में 60 मिमी से अधिक बारिश दर्ज हुई, जबकि चार जगहों पर 120 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। पंजाब सरकार ने माना कि यह राज्य की इतिहास की सबसे भीषण बाढ़ों में से एक है।

खैबर पख्तूनख्वा में बच्चों और महिलाओं पर कहर
खैबर पख्तूनख्वा में इस मानसून में अब तक 484 मौतें हुई हैं, जो पूरे पाकिस्तान में सबसे अधिक हैं। पिछले 24 घंटे में चार बच्चों और एक महिला की जान गई। राजधानी पेशावर में सिर्फ 24 घंटे में 41 मिमी बारिश हुई। कई निचले इलाकों में पानी भर गया और लोग सुरक्षित जगहों की ओर पलायन कर रहे हैं।

अन्य प्रांतों का हाल
पंजाब में अब तक 209 मौतें दर्ज हुई हैं। सिंध में 58, बलूचिस्तान में 25, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में 70 और इस्लामाबाद में 8 मौतें हुई हैं। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक ने बताया कि 20 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, लेकिन 80 लाख गरीब बाढ़ पीड़ितों को पानीजनित बीमारियों का खतरा है। उन्होंने कहा कि पीने का साफ पानी, दवाइयां, बिजली, टेंट, मच्छरदानी और भोजन तुरंत पहुंचाना आवश्यक है।

भारत से आई नई चुनौती
पंजाब सरकार का दावा है कि सतलुज नदी में भारत से छोड़ा गया पानी कई जिलों में बांध टूटने का कारण बना। आने वाले दो दिनों में हेड मराला तक पानी पहुंचने की आशंका जताई गई है। सरकार का लक्ष्य है कि पानी का बहाव 10 लाख क्यूसेक से अधिक न हो, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here