चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने अपने सैन्य बल में एक नया अत्याधुनिक हथियार शामिल किया है—एक रोबोटिक ‘भेड़िया’। 5 अगस्त को इस मशीन के साथ चीनी सैनिकों ने अभ्यास भी किया, जिसमें यह रोबोट हर सेकंड में एक गोली दागते हुए नजर आया। बताया गया है कि इसमें मानक असॉल्ट राइफल QBZ-191 फिट की गई है, जिससे यह लगातार फायरिंग करने में सक्षम है।
बर्फीले और पहाड़ी इलाकों में भी पूरी तरह सक्षम
चीनी सरकारी मीडिया सीसीटीवी द्वारा जारी वीडियो में दिखाया गया कि यह रोबोटिक यूनिट सीढ़ियां चढ़ने, पहाड़ों पर चढ़ाई करने और बर्फीले क्षेत्रों में ऑपरेशन को अंजाम देने में पूरी तरह सक्षम है। अभ्यास के दौरान यह मशीन सामान्य सैनिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलती रही। सेना का कहना है कि परीक्षण सफल रहा है और जल्द ही इससे जुड़ी और जानकारियां साझा की जाएंगी।
पहली बार 2024 में हुआ था अनावरण
इस रोबोटिक ‘भेड़िए’ को लेकर पहली बार 2024 में आधिकारिक घोषणा की गई थी। तब इसकी तस्वीरें सामने आई थीं, जिसमें इसके साथ राइफल भी नजर आई थी। चीन के ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, इसका वजन लगभग 70 किलोग्राम है और इसे चीन के दुर्गम व सीमावर्ती इलाकों के लिए डिजाइन किया गया है। इसका निर्माण चाइना साउथ इंडस्ट्रीज ग्रुप कॉर्पोरेशन द्वारा किया गया है।
सीमाओं पर बढ़ता तनाव, चीन कई देशों के साथ विवादों में
चीन इस समय जापान, भारत, ताइवान और फिलीपींस जैसे देशों के साथ सीमा विवादों में उलझा हुआ है। भारत के साथ लद्दाख और पूर्वोत्तर सीमाओं पर तनाव बना हुआ है, वहीं अमेरिका और ब्रिटेन के साथ उसका टकराव प्रभुत्व को लेकर है। हाल ही में ब्रिटेन ने चेतावनी दी है कि यदि चीन ने ताइवान पर हमला किया, तो उसे जवाब दिया जाएगा। अमेरिका भी ताइवान को समर्थन दे रहा है।