गायत्री रघुराम ने छोड़ी भाजपा, कहा- तमिलनाडु इकाई में महिलाएं सुरक्षित नहीं

तमिलनाडु में निलंबित भाजपा नेता और अभिनेत्री गायत्री रघुराम ने भाजपा आज यानी मंगलवार को पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया है। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु भाजपा पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने पार्टी से इस्तीफे की घोषणा करके हुए कहा कि भाजपा की राज्य इकाई में सच्चे कार्यकर्ताओं की किसी को कोई परवाह नहीं है। साथ ही तमिलनाडु भाजपा में महिलाएं सुरक्षित नही हैं। 

ट्वीट के जरिए किया इस्तीफे का एलान
मिली जानकारी के मुताबिक, गायत्री रघुराम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष को टैग करते हुए ट्वीट के जरिए अपने इस्तीफे की घोषण की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि ‘मैंने भारी मन से तमिलनाडु भाजपा से इस्तीफा देने का फैसला लिया है क्योंकि यहां महिलाओं को अपनी बात रखने का अवसर और समान अधिकार व सम्मान नहीं दिया जाता। अन्नामलाई के नेतृत्व में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। सच्चे कार्यकर्ताओं की किसी को परवाह नहीं है, सच्चे कार्यकर्ताओं को भगाना ही अन्नामलाई का एकमात्र लक्ष्य है। भाजपा को मेरी शुभकामनाएं ।’

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा भी की। उन्होंने लिखा कि ‘मोदी जी आप विशेष हैं, आप राष्ट्रपिता हैं, आप हमेशा मेरी नजर में विश्वगुरु और महान नेता रहेंगे। अमित शाह जी आप हमेशा मेरी नजर में चाणक्य रहेंगे।’

गौरतलब है कि गायत्री रघुराम ने पार्टी छोड़ने के अपने निर्णय के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के प्रमुख के. अन्नामलाई को जिम्मेदार ठहराया है। इससे पहले भी वे अन्नामलाई के प्रति हमलावर रही हैं। उन्होंने हाल ही में राज्य भाजपा इकाई के प्रमुख पर आरोप लगाया था कि उनके नेतृत्व में मुझ पर वॉर रूम से सबसे खराब और घिनौने व्यक्तिगत हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में तमिलनाडु पुलिस से जांच के लिए भी आग्रह किया था।  

इसलिए किया गया था निलंबित
गौरतलब है कि गायत्री रघुराम को बीते साल 23 नवंबर को छह महीने के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। उन पर  ‘पार्टी को बदनाम करने वाली गतिविधियों में शामिल होने’ का आरोप था। दरअसल, गायत्री रघुराम ने पार्टी इंडस्ट्रियल सेल के वाइस चेयरमैन सेल्वाकुमार के साथ सोशल मीडिया पर बहस की थी, जिस के लिए उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग के लिए दोषी ठहराया गया था। जिसके कारण पार्टी की राज्य इकाई प्रमुख  अन्नामलाई ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी।  

भाजपा नेता ने किया गायत्री के आरोपों को खारिज
वहीं, भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता ने इस्तीफे के दौरान लगाए गए गायत्री रघुराम के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। भाजपा नेता ने कहा कि गायत्री के पार्टी से जाने से भाजपा का कोई नुकसान नहीं होगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे उनके आरोपों को कोई तवज्जो नहीं देते हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here