गोरखपुर: CM योगी आदित्यनाथ बोले- सरकार किसानों को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। देश का अन्नदाता ही देश का भाग्यविधाता है। किसान खुशहाल रहेगा तो प्रदेश और देश में खुशहाली आएगी। किसान समृद्ध होगा तभी देश और प्रदेश समृद्धशाली बनेगा। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, इसीलिए सरकार की सभी योजनाएं किसानों को केंद्र में रखकर बनाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें किसानों की बात तो करती थीं लेकिन उनके विकास के लिए कोई कदम नहीं उठाती थीं। जिसकी वजह से हर समय किसान कर्ज के बोझ से दबा रहता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। हमारी सरकार ने किसानों की आय बढ़ाकर उन्हें समृद्ध बनाया है। राजकीय कृषि विद्यालय, चरगांवा में मिशन किसान कल्याण योजना के तहत आयोजित वृहद किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने यह बातें कही।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लेकर 2014 के पहले तक सरकार में रहते हुए जिन्होंने किसानों के लिए कुछ नहीं किया, वह लोग अब किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। आजादी के 70 साल बाद केंद्र और प्रदेश में पहली बार ऐसी सरकार आई जो पूरी ईमानदारी से किसानों के कल्याण के लिए न केवल नीतियां और योजनाएं बना रही है, बल्कि उन्हें प्रभावशाली ढंग से धरातल पर लागू भी कर रही है। इसके बावजूद नीति स्वार्थी तत्व किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर अपना स्वार्थ सिद्ध करने की फिराक में पड़े हुए हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने किसानों को दी कई सौगात

एपीओ शक्ति पोर्टल की लांचिंग की।
कृषकों को मिनी टूलकिट व प्रमाण पत्रों का वितरण
राजकीय कृषि विद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन एवं किसान हॉस्टल का शिलान्यास
कृषि विकास पुस्तिका का विमोचन।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here