हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा व हमीरपुर जिले में अंधड़ चलने से काफी नुकसान

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार दोपहर को झमाझम बारिश से मौसम कूल-कूल हो गया। इसके अलावा हल्की ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। उधर, कांगड़ा व हमीरपुर जिले में अंधड़ चलने से काफी नुकसान हुआ है। कुल्लू में भी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 20 मई तक मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं। इस दौरान कई भागों में बारिश होने की संभावना है। मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में आज व कल के लिए ओलावृष्टि, बिजली चमकने व ओलावृष्टि का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इस दौरान इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।  उधर, रविवार रात को अंधड़ ने रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में खूब कहर बरपाया। इस दौरान रामपुर में एचआरटीसी की कर्मशाला में पेड़ गिरने से तीन बसें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा तेज हवाओं से विद्युत लाइनों को क्षति पहुंचने से बिजली बोर्ड को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। 

अंधड़ से पालमपुर में कई जगह पेड़ गिरे हैं। एक दुकान की उड़ गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लोग बाल-बाल बच गए। 

सड़क पर गिरी पानी की टंकी।

बिजली की तारों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप हो गई। तूफान से घर से पानी की टंकी सड़क पर आ गिरी।

पालमपुर में गिरा पेड़।

 अंधड़ से पालमपुर नगरी के पास सड़क पर देवदार का पेड़ गिर गया। इससे यातायात बाधित रहा। 

सेल्फी प्वाइंट क्षतिग्रस्त

हमीरपुर में भी बारिश और अंधड़ से नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से शहर में स्थापित सेल्फी प्वाइंट क्षतिग्रस्त हो गया है। कई दुकानों के होर्डिंग्स गिर गए।

चंबा में गिरा पेड़।

चंबा जिले के सुंडला-सलूणी मार्ग पर लोनिवि कार्यालय परिसर में लगा पेड़ गिर गया। इससे यहां पार्क बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। आधे घंटे तक सुंडला-सलूणी मार्ग पर  वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। 

शिमला में झमाझम बारिश।

ऊना में 44.5 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान
ऊना जिले में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इस सीजन में पहली बार ऊना में इतना अधिक तापमान दर्ज हुआ है। इससे पहले रविवार को यहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। शिमला में 29.4,  चंबा 37.9, डलहौजी 26.8, केलांग 16.4, कल्पा 25.0, कांगड़ा 40.4, धर्मशाला 34.8, पालमपुर 33.4, भुंतर 37.4, हमीरपुर 40.5, सुंदरनगर 38.0, कल्पा 25.0, बिलासपुर 42.0, कुफरी 18.0 और सोलन में 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 

रिज पर भरा पानी।

न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 21.3, सुंदरनगर 19.1, भुंतर 16.9, कल्पा 10.3, धर्मशाला 21.2, ऊना 24.4, नाहन 24.7, केलांग 7.7, पालमपुर 23.5, सोलन 20.6, मनाली 14.0, कांगड़ा 24.0, मनाली 20.5, बिलासपुर 24.0, हमीरपुर 22.3, चंबा 19.7, डलहौजी 19.7, कुफरी 16.0, जुब्बड़हट्टी 23.2 और पांवटा साहिब 24.8 में डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here