पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। शुक्रवार को रोहतांग में हल्की बर्फबारी हुई और कुल्लू में झमाझम बारिश हुई। राजधानी शिमला में तेज हवाएं चलने के साथ हल्के बादल छाए रहे। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। ऊना में अधिकतम तापमान बढ़कर 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार से 24 मई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी जारी की है।
23 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। येलो अलर्ट बीच जिला कुल्लू के कई क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर बाद बारिश हुई। समुद्रतल से 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा के साथ बारालाचा दर्रा, कुंजुम दर्रा, घेपन पीक, लेडी आफ केलांग, मुलकिला, नीलकंठ, मकवरे, शिकवरे की चोटियों में भी बर्फबारी हुई है। शुक्रवार को मैदानी जिलों बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
ऊना 43.4 22.8
बिलासपुर 41.4 24.0
कांगड़ा 40.0 22.9
हमीरपुर 39.9 20.7
नाहन 37.8 25.7
चंबा 37.4 19.1
धर्मशाला 37.2 19.4
सोलन 36.5 18.5
शिमला 29.4 18.7
कल्पा 22.0 6.6
केलांग 18.0 5.4