शामली में कांग्रेस पिछडा वर्ग प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की मूल वृद्धि पर किया प्रदर्शन

शामली। कांग्रेस पिछडा वर्ग प्रकोष्ठ ने लगातार बढ रहे पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दामों पर आक्रोश जताते हुए सरकार से इसे तुरंत वापस लिए जाने की मांग की। इस अवसर पर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आहवान किया गया। जानकारी के अनुसार कांग्रेस पिछडा वर्ग प्रकोष्ठ की एक बैठक गुरुवार को आयोजित की गयी। बैठक को संबोधित करते हुए पिछडा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डा. श्रीपाल व प्रदेश महासचिव प्रभारी पउप्र शेखर पाल ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार से हर कोई परेशान हो गया है। इस सरकार में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं, वहीं खाद्य पदार्थों तथा सब्जियों की कीमतों में भी इजाफा हुआ है जिससे मध्यमवर्गीय परिवार का जीवन मुहाल हो गया है। भाजपा सरकार किसानों, मजदूरों, मध्यमवर्गीय परिवारों को कुचलने का काम कर रही है। सरकार केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। जिलाध्यक्ष दीपक सैनी ने कहा कि सरकार बढती महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। इतनी महंगाई में लोगों का घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। लोगों का रोजगार कोरोना के कारण पहले ही ठप्प हो गया है, ऊपर से लगातार बढ रही महंगाई ने जीना दूभर कर दिया है। बैठक में 2022 के विधानसभा चुनावों को लेकर भी चर्चा की गयी है तथा कार्यकर्ताओं से पूरे जोश से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आहवान किया गया। दीपक सैनी ने कहा कि 2022 में कांग्रेस के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सरकार बनेगी। कांग्रेस जो प्रतिज्ञा करती है, उसे जरूर पूरा करती है। इस अवसर पर संदीप शर्मा को कांग्रेस पिछडा वर्ग प्रकोष्ठ का जिला सचिव तथा विनोद सेन को नगर अध्यक्ष मनोनीत किया गया। मौके पर अनुज गौतम, अरविन्द झंझोट, निर्भय सिंह, राजेश कश्यप, आदेश कश्यप, अंकुर मलिक, सुरेन्द्र सरोहा, शमशीर खान, रामपाल पांचाल, सौरभ सैनी, डा. श्रीपाल सिंह आदि भी मौजूद रहे। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here