बंगलूरू। कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सर्जन डॉक्टर को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मृतक महिला भी डॉक्टर थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति ने इलाज के बहाने बार-बार अपनी पत्नी को बेहोशी का इंजेक्शन देकर उसकी जान ले ली।

घटना इस साल अप्रैल की है, जब डॉक्टर कृतिक रेड्डी की अचानक तबीयत बिगड़ी और उन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। मृतका के पिता ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि डॉ. महेंद्र रेड्डी ने पत्नी को मार डाला और इसके पीछे अस्पताल बनाने के लिए पैसे की मांग भी शामिल थी।

पुलिस ने मृतका के विसरा को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा, जहां रिपोर्ट में प्रोपोफोल नामक एनेस्थीसिया की दवा की पुष्टि हुई। यह दवा आमतौर पर मरीज को ऑपरेशन के दौरान बेहोश करने के लिए दी जाती है। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को बंगलूरू के विक्टोरिया अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, महेंद्र और कृतिक की शादी मार्च 2024 में हुई थी और वे वाइटफील्ड के मुन्नेकोलाल इलाके में रह रहे थे। मृतका की अचानक मौत के बाद आरोपी ने ऑटोप्सी कराने से भी मना किया था, लेकिन अंततः शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने आरोपी के घर से भी महत्वपूर्ण सबूत जुटाए।

पुलिस पूछताछ में डॉक्टर ने कहा कि उनकी पत्नी को पेट संबंधी समस्या थी और उन्होंने इलाज के लिए एनेस्थीसिया का इस्तेमाल किया, लेकिन ओवरडोज देने की बात पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद आरोपी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।