क्रिसमस से पहले उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में जमाने वाली ठंड तो मैदानों में शीतलहर जोर पकड़ रही है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में झरने, नदी-नाले जम गए हैं। तापमान में गिरावट के चलते अलाव की गर्माहट बढ़ गई है। अगले कुछ दिनों में मौसम के और सर्द होने का अनुमान है। हिमाचल में बर्फबारी तो पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान में कुछेक जगहों पर आज बारिश की संभावना जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब-हरियाणा में भी शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हुई। चंडीगढ़ में तापमान 0.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पंजाब के आदमपुर इलाके में पारा 1.8 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब में घना कोहरा देखने को मिला। अमृतसर, तरनतारन, बठिंडा, लुधियाना और बरनाला में विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 27 से 31 दिसंबर तक पश्चिमी विक्षेभ का असर रहेगा। इस दौरान ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है। उत्तराखंड के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में ठंड का असर देखा जा रहा है। राजस्थान के कई हिस्सों में रविवार को शीतलहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के मुताबिक, करौली में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली-एनसीआर में कई जगह बूंदाबांदी
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। दिल्ली में कई जगह कोहरा है। हल्की सर्द हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में दिल्ली से सटे हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान जताया है।
श्रीनगर में पारा माइनस 4.6 पहुंचा
कश्मीर में भीषण शीतलहर से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन घाटी में रविवार को तापमान शून्य से नीचे बना रहा। अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण जल आपूर्ति लाइनें जम गईं। कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परतें जम गईं। श्रीनगर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में करीब चार डिग्री अधिक है।
कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का एक छोटा सा गांव कोनीबल शून्य से 6.5 डिग्री नीचे तापमान के साथ घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर है। उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार
क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश का रुख करना शुरू कर दिया है। इस वीकेंड से ही शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, कुफरी, नारकंडा और कसौली सैलानियों से पैक हो गए हैं। शिमला में होटलों की ऑक्यूपेंसी 80, जबकि मनाली और धर्मशाला में 70 फीसदी तक पहुंच गई है। वीकेंड पर कसौली में 90 फीसदी तक होटलों के कमरे पैक रहे। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश 27 और 28 दिसंबर को प्रदेश में बर्फबारी के पूर्वानुमान के बाद सैलानियों की संख्या में भारी इजाफा हो रहा है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से सैलानी क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने के लिए हिमाचल के पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। अन्य पर्यटन स्थलों पर भी सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। राजधानी शिमला में सैलानियों की भीड़ बढ़ते ही ट्रैफिक जाम की समस्या गहरा गई है। बीते दो दिनों से शहर के कार्ट रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है। रोहतांग में बर्फबारी के बाद मनाली में भी सैलानियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। सैलानियों की भीड़ बढ़ने से पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं।
उधर, शिमला के रिज मैदान पर पहली बार 24 दिसंबर में विंटर कार्निवल का आयोजन हो रहा है। पहली बार यहां विंटर क्वीन भी चुनी जाएगी। सैलानियों के अलावा स्थानीय लोग भी कार्निवाल को लेकर खासे उत्साहित हैं। ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ठाकुर का कहना है कि क्रिसमस से पहले ही वीकेंड पर बड़ी संख्या में सैलानी प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंचने शुरू हो गए हैं। जनवरी के पहले सप्ताह तक सैलानियों की रौनक बनी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बर्फबारी का भी पूर्वानुमान जारी किया है। अगर अच्छी बर्फबारी होती है तो न्यू ईयर मनाने रिकाॅर्ड सैलानी हिमाचल पहुंचेंगे।
शिमला आने वाली सभी ट्रेनें 12 जनवरी तक पैक
शिमला। हिल्सक्वीन शिमला में क्रिसमस, विंटर कार्निवाल और न्यू ईयर मनाने का सैलानियों में इस कदर क्रेज है कि 12 जनवरी तक कालका से शिमला आने वाली सभी छह ट्रेनें अभी से पैक हो गई हैं। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। वहीं रेलवे की ओर से हाल ही में चलाई गई हॉलीडे स्पेशल ट्रेन भी पैक है। विश्व धरोहर कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक से रविवार को सैकड़ों की संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे।
- सभी छह ट्रेनों में 12 जनवरी तक लंबी वेटिंग हैं। 23 दिसंबर को हिमालयन क्वीन ट्रेन में 115 वेटिंग, कालका- शिमला एक्सप्रेस ट्रेनों में 59, 98, 59 वेटिंग, शिवालिक डीलक्स में 91 वेटिंग और हॉलीडे स्पेशल ट्रेन में 26 वेटिंग है। 24 दिसंबर को 76, 70, 89, 81, 58 और हॉलीडे स्पेशल में 40 वेटिंग है। 25 दिसंबर को हिमालयन क्वीन में 131, हॉलीडे स्पेशल में 57, शिवालिक डीलक्स में 82 और कालका शिमला एक्सप्रेस में 91, 63, 78 वेटिंग है। 26 दिसंबर को 105, 42, 73, 85, 82, 52 वेटिंग है।
झरने जम गए
ठंड से चमोली की नीती घाटी में झरने जम गए हैं। यहां न्यूनतम पारा माइनस 11 डिग्री सेल्सियस तक चला गया है। इसके असर से उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली में सुबह घना कोहरा पड़ रहा है, जिसके चलते दृश्यता में गिरावट आई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, राजस्थान और पंजाब में तेज शीतलहर का अलर्ट है।