असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बीच वार-पलटवार का दौरा जारी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम में थी। इस दौरान राहुल ने हिमंत बिस्वा सरमा पर लगातार हमलावर रहे। आज यात्रा बंगाल में प्रवेश कर चुकी है। वहीं, हिमंता ने एक बार फिर से राहुल गांधी पर वार किया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा क्या थी? इसकी टाइमिंग देखिए। उन्होंने असम में बड़ा सांप्रदायिक टकराव भड़काने की साजिश रची थी। इसकी एक झलक हमें गुवाहाटी में देखने को मिली। लेकिन उनकी बड़ी साजिश राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा के दौरान असम से होकर गुजरने की थी और राज्य में झड़प हो गई। लेकिन हमारी पार्टी के लोगों और रामभक्तों ने खुद को संयमित रखा। 

हिमंता ने दावा किया कि हमने असम में कुछ भी अप्रिय नहीं होने दिया। इसके साथ ही उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं...असम की जनता आपको आपके अहंकार के लिए लोकसभा में देखेगी। मैं आज आपको यह वचन देता हूं - असम में कांग्रेस को और भी कम सीटें मिलेंगी और हम उन्हें अच्छे अंतर से हराएंगे। मैं आज आपसे यह वादा करता हूं। हिमंत बिस्वा सरमा ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए इस्तेमाल की जा रही बस में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बॉडी डबल का इस्तेमाल किया गया था।

भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस की राजनीति 'सॉफ्ट नक्सली' बन गई है। उनके नारे अब गांधीवादी सिद्धांतों को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। मैं भी 22 साल तक कांग्रेस में रहा। लेकिन पहले कभी ऐसे नारे नहीं थे। कांग्रेस का नरम नारा था। मैं देख रहा हूं कि उन्होंने कांग्रेस की आत्मा तक को मार डाला है.' पूरा काफिला तथाकथित वामपंथी, वाम रुझान वाले लोगों से भरा हुआ था। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि राहुल गांधी अपनी न्याय यात्रा के दौरान असम के जिन भी क्षेत्रों से गुजरे, उन सभी में भाजपा जीतेगी।