कर्नाटक: बीजेपी नेता का दावा, लोकसभा चुनाव से पहले गिर जाएगी कांग्रेस सरकार

भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने सोमवार (14 अगस्त) को दावा किया कि कर्नाटक में सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले गिर जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ दल के लगभग 25 विधायक पद छोड़ने के लिए तैयार हैं। बीजापुर (विजयपुरा) शहर से विधायक यतनाल ने उम्मीद जताई कि भाजपा एक बार फिर सत्ता में लौटेगी। आपको बता दें कि हाल में संपन्न कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बंपर जीत हुई थी। इस जीत में कांग्रेस ने एक बार फिर से सिद्धारमैया को राज्य की जिम्मेदारी सौंपी। हालांकि, मुख्यमंत्री पद को लेकर डीके शिवकुमार भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे थे।

सरकार गठन के बाद कई बार उनकी नाराजगी की खबरे आ चुकी हैं। इसके अलावा दावा यह भी किया जाता है कि कई विधायक भी नाराज हैं। यही कारण है कि भाजपा लगातार सरकार गिरने का दावा करती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने एक भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, “कांग्रेस जो कहती है कि उसे 135 सीटें मिली हैं, उसे नींद नहीं आ रही है; अगर 30 लोग बाहर चले गए, तो सरकार गिर जाएगी। 25 लोग तैयार हैं। कुछ मंत्री ऐसा व्यवहार कर रहे हैं जैसे उन्हें सारी शक्तियां मिल गई हैं और वे अधिकारियों को हटा रहे हैं या स्थानांतरित कर रहे हैं।” 

उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम अधिकारियों को विजयपुरा में तैनात किया जा रहा है, और पूछा, “मुसलमानों को लाकर आप क्या कर सकते हैं? मैं एक विधायक हूं और उन्हें मेरी बात माननी चाहिए… अगर कोई अधिकारी हिंदुओं पर अत्याचार करने के लिए कोई नाटक करता है… हम जनवरी में वापस आएंगे। आप गारंटी दीजिए…मार्च तक का समय है। आप लोकसभा (चुनाव) से पहले बाहर हो जाएंगे।” भाजपा नेता ने बसवराज रायरेड्डी जैसे वरिष्ठ कांग्रेस विधायकों द्वारा की गई टिप्पणियों की ओर इशारा किया, जिन्होंने कर्नाटक को “भ्रष्ट राज्य” बनने के बारे में नाराजगी व्यक्त की थी, और हाल ही में विधायक दल की बैठक के दौरान मंत्रियों के कामकाज के संबंध में असंतोष व्यक्त किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here