ग्रीस से सीधे बेंगलुरु पहुंचे मोदी, चंद्रयान अभियान की सफलता के बाद इसरो वैज्ञानिकों से करेंगे मुलाकात

बेंगलुरु। चंद्रयान-3 के सफल अभियान से पूरे देश में जश्न का माहौल है। इस जश्न को चंद्रयान-3 को चांद पर भेजने वाले इसरो के वैज्ञानिकों के साथ मनाने पीएम नरेंद्र मोदी अपनी ग्रीस यात्रा से सीधे कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु पहुंचे। बेंगलुरु में इसरो का वो कमांड सेंटर है, जहां से चंद्रयान-3 के अभियान को सफलता से चांद की सतह तक इसरो के वैज्ञानिकों ने पहुंचाया। पीएम मोदी चंद्रयान-3 को सफल बनाने वाले वैज्ञानिकों को 23 अगस्त को भी संबोधित कर चुके हैं। तब मोदी ने कहा था कि ये चंद्रयान अभियान आगे और भी आगे जाएगी और हम सौरमंडल में और आगे जाएंगे। चंद्रयान-2 के असफल रहने का उल्लेख भी पीएम मोदी ने किया था। उन्होंने कहा था कि चंद्रयान की असफलता से हमने सबक लिया और इस बार चांद की सतह पर भारत ने अपना यान पहुंचाया है।

ग्रीस से बेंगलुरु पहुंचते ही पीएम मोदी ने ट्वीट किया और लिखा कि वो इसरो के वैज्ञानिकों से बातचीत के लिए उत्सुक हैं। मोदी ने लिखा कि चंद्रायन की सफलता से भारत को इसरो के वैज्ञानिकों ने गौरवान्वित किया। उन्होंने लिखा कि वैज्ञानिकों का समर्पण और जुनून अंतरिक्ष के क्षेत्र में हमारे देश की उपलब्धियों के पीछे की प्रेरक शक्ति है। मोदी पहले जब गुजरात के सीएम थे, तब चंद्रयान-1 के सफल होने के बाद उन्होंने गांधीनगर में इसरो के सेंटर का दौरा भी किया था। तब उन्होंने वहां सभी वैज्ञानिकों को बधाई दी थी और फिर 2009 की जनवरी में वैज्ञानिकों को परिवार के लोगों के साथ शानदार भोज भी दिया था। इस बार वैज्ञानिकों से मिलकर चंद्रयान-3 की सफलता के लिए वो ग्रीस से लंबी दूरी तय कर सीधे बेंगलुरु पहुंचे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here