टी20 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को जोरदार अंदाज में 61 रनों से हराया। कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने ईशान किशन के शानदार अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम केवल 114 रन पर ऑलआउट हुई। यह टी20 विश्व कप में भारत की पाकिस्तान के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी रनों से जीत है।

अमित शाह ने खेला करारा तंज

जीत के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय टीम की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि “स्थान, प्रारूप या तारीखें चाहे जैसी भी हों, भारत-पाकिस्तान मुकाबलों का नतीजा हमेशा एक जैसा रहेगा। टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया है। पूरी टीम को बधाई।”

अन्य नेताओं और अधिकारियों की प्रतिक्रियाएँ

केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि यह जीत भारत के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीमवर्क की तारीफ करते हुए कहा कि इस प्रदर्शन ने देश का मान बढ़ाया है।

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम को बधाई दी। उन्होंने बताया कि 61 रनों की यह बड़ी जीत और सुपर आठ में क्वालिफाई करना भारतीय क्रिकेट की गुणवत्ता और टीम की मजबूती को दर्शाता है। सैकिया ने कहा कि टीम का हर पिच पर खुद को ढालना वास्तव में सराहनीय है।