कांग्रेस पार्टी और उसके कुछ नेताओं को बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुछ वीडियो क्लिप अपने हैंडल पर शेयर करने के लिए नोटिस मिला। सूत्रों की माने तो एक्स ने गृह मंत्रालय के साइबर अपराध समन्वय केंद्र से मिले नोटिस का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने जो सामग्री शेयर की है वह भारत के कानून का उल्लंघन करती है और इसे हटाने के लिए कहा गया है। हालांकि एक्स या गृह मंत्रालय की ओर से इस नोटिस की पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार नोटिस का मामला तब सामने आया जब कुछ कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को राज्यसभा में संविधान के 75 साल पूरे होने पर हुई बहस के दौरान शाह के एक वीडियो क्लिप को शेयर किया, जिसमें उन्होंने बी आर अंबेडकर पर अपनी टिप्पणी की थी और विपक्ष पर हमला किया था।
अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया पलटवार
अमित शाह के राज्यसभा भाषण को आधार बनाकर देशभर में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत अधितकर विपक्षी दल विरोध प्रदर्शन कर रहे है। इसी बात पर बुधवार को गृह मंत्री ने भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने कांग्रेस समेत अपने विरोधियों पर पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं और अंबेडकर पर उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान पर चर्चा के बाद अंबेडकर विरोधी और आरक्षण विरोधी के रूप में अपनी छवि बनाने की कोशिश की और फिर दुर्भावनापूर्ण अभियान शुरू किया।
‘बात तथ्य और सत्य के आधार पर होनी चाहिए’
उन्होंने शुरुआत में कहा, ‘विगत सप्ताह में संसद में लोकसभा और राज्यसभा में संविधान को स्वीकार किए हुए 75 साल के मौके पर संविधान की रचना, संविधान निर्माताओं के योगदान और संविधान में प्रस्थापित किए गए आदर्शों पर एक गौरवमयी चर्चा का आयोजन हुआ। इस चर्चा में 75 साल की देश की गौरव यात्रा, विकास यात्रा और उपलब्धियों की भी चर्चा होनी थी।