आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तमाम राजनीति दलों के कमर कस ली है। विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के बीच सीट बंटवारे को लेकर लगातार मंथन जारी है। वहीं भाजपा भी चुनावी जीत के फॉर्मूले पर चर्चा कर रही है। भाजपा 'मिशन ज्ञान' (गरीब, युवा,अन्नदाता,नारी) के जरिए चार वर्गों को साधने की तैयारी कर रही है। जिसके लिए भाजपा अपने शीर्ष नेताओं की ताबड़तोड़ रैलियों का खांका बना रही है। इस बीच, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी पार्टी-जनसेना पार्टी ने आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची की जारी की है। । गौरतलब है कि अभिनेता से राजनेता बने पवन कल्याण की पार्टी जनसेना 24 निर्वाचन क्षेत्रों से चुनावी बिगुल फूंकने के लिए तैयार है। तमाम स्थानीय नेताओं की मानें तो अगर भाजपा गठबंधन का हिस्सा बनती है तो शेष बचे निर्वाचन क्षेत्रों को साझा करने की संभावना है।
TDP-JSP ने 118 उम्मीदवारों के नामों की सूची की जारी
टीडीपी-जन सेना पार्टी (जेएसपी) ने आंध्र प्रदेश की राजनीति में पहली बार 118 नामों के साथ उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा की। इन 118 उम्मीदवारों में से टीडीपी 94 दावेदारों के साथ आगे है, जबकि जन सेना 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जिसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी। विशेष रूप से, टीडीपी की सूची में 94 में से 23 नए लोगों को चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पहली सूची के मुताबिक, टीडीपी उम्मीदवार 94 निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ेंगे, जबकि जनसेना 24 सीटों से चुनाव लड़ेगी। चंद्र बाबू नायडू ने कहा कि यह संघ राज्य के भविष्य के लिए है। यह एक महान प्रयास के लिए पहला कदम है। 175 विधानसभा क्षेत्रों में से शेष 57 के लिए सीट बंटवारे की व्यवस्था की घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है। गठबंधन के हिस्से के रूप में, जनसेना राज्य की कुल 25 में से तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। टीडीपी सूत्रों ने कहा कि वर्तमान में संभावित चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए भाजपा के साथ चर्चा चल रही है।
सीट बंटवारे को लेकर आप-कांग्रेस में बनी सहमति
दूसरी ओर, लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन के सदस्यों के बीच सीट बंटवारे पर मंथन के बीच शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सीट बंटवारे की घोषणा कर दी गई है। कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कहा कि दिल्ली लोकसभा में सात सीटें हैं। इनमें से आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इनमें नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली शामिल हैं। कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इनमें चांदनी चौक, उत्तर पूर्व और उत्तर पश्चिम पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ कांग्रेस और आप के बीच गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ और गोवा में सीट बंटवारे की घोषणा हुई।