जम्मू स्मार्ट सिटी के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर वीएमडी ऐड पैनल लगाए जा रहे हैं। इससे लोगों को जागरुक करने के साथ उन्हें विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। इतना ही नहीं इनमें विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी।

जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड पहले चरण में शहर के दस स्थानों पर इन ऐड पैनल को लगाने जा रहा है। इनमें शहर के मुख्य चौराहों व स्थलों की निशानदेही की गई है। यह वेरिऐबल मैसेज डिस्प्ले ऐड पैनल अम्बफला चौक, सतवारी चौक समेत दस चौकों में लगाए जा रहे हैं।

इन ऐड पैनल पर महत्वपूर्ण सूचनाएं रहेंगी जिनमें ट्रैफिक, मौसम, सरकारी योजनाओं व सामाजिक संदेश लिखे रहेंगे। इस दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं और इन ऐड पैनल को लगाने की प्रक्रिया जारी है। इन ऐड पैनल के लगने के बाद शहर में अवैध होर्डिंग व विज्ञापन संबंधी पोस्टर आदि हटा दिए जाएंगे। इन ऐड पैनल के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित भी किया जाएगा और समय-समय पर इन सूचनाओं को अपडेट करने का काम भी पूरा किया जाएगा।