झांसीः सपा के पूर्व विधायक दीप नारायण यादव की 130 करोड़ की संपत्ति कुर्क

झांसी में रविवार शाम को पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह यादव की 130 करोड़ की संपत्ति को कुर्क किया गया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने वनगुवां, भगवंतपुरा और करगुवांजी में उनकी संपत्ती जब्त की है।

बता दें कि दीपनारायण सिंह यादव सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं। उनको करीब दो माह पहले कुख्यात लेखराज यादव को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। तभी से वे जेल में बंद हैं।

एसएसपी राजेश एस का कहना है कि नवाबाद थाना में करीब एक माह पहले पूर्व विधायक दीपनारायण यादव समेत अन्य लोगों पर गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्होंने अपराध करके संपत्ति अर्जित की है। जिलाधिकारी के आदेश पर रविवार शाम को एसपी सिटी राधेश्याम राय के नेतृत्व में तहसीलदार डॉ. लालकृष्ण की टीम ने करगुवांजी, भगवंतपुरा और वनगुवां मौजे में जमीन कुर्क की। जिसकी बाजार में कीमत 130 करोड़ रुपए है।

मुनादी के बाद जमीन कुर्क

सबसे पहले टीम ने शाम 4 बजे मेडिकल कॉलेज के सामने करगुवांजी गांव के मौजे की 20 करोड़ की जमीन कुर्की की। फिर दो अन्य जगह कुर्की के कार्रवाई की गई। तीनों जगह पहले जमीन की कुर्की की मुनादी कराई। इसके बाद बोर्ड लगाकर जमीन को जब्त कर लिया है।

58 मामले दर्ज हैं दीपनारायण पर

पूर्व विधायक के खिलाफ एक माह पहले गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले में उनकी जमीन कुर्क की गई।

एसएसपी ने बताया कि दीपनारायण यादव पर अब तक कुलन 58 मामले दर्ज हैं। करीब ढाई माह पहले पेशी पर आए कुख्यात लेखराज यादव को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश हुई थी। इस मामले में 26 सितंबर को पुलिस ने पूर्व विधायक को गिरफ्तार किया था।

पूर्व विधायक पर 3 महीने में 7 मुकदमे

  • पूर्व विधायक दीपनारायण पर 30 जुलाई को विजिलेंस थाना में आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज हुआ था। आरोप है कि विधायक रहते हुए उनको 14 करोड़ 30 लाख 31444 रुपए की आय हुई, जबकि इस अवधि में उनका खर्च 37 करोड़ 32 लाख 55844 रुपए पाया गया।
  • 16 सितंबर को कुख्यात अपराधी लेखराज यादव पेशी पर झांसी आया था। आरोप है कि उसको पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश की गई। षड़यंत्र में पूर्व विधायक को शामिल बताया। पूर्व विधायक, विष्णु राय समेत 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
  • तीसरा केस मोंठ थाने में दर्ज हुआ। पुलिस का दावा है कि लेखराज को छुड़ाने की कोशिश में इस्तेमाल गाड़ी बरामद करने गए थे। वहां पुलिस पर फायरिंग की गई। इस केस में पूर्व विधायक दीपनारायण, उसके साले समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया।
  • 30 सितंबर को नवाबाद थाने में पूर्व विधायक दीपनारायण समेत 17 लोगों पर एक केस दर्ज हुआ। इसमें एक युवक का अपहरण कर उससे केस में जबरन राजीनामा करवाने का आरोप है।
  • 26 अक्टूबर की रात नवाबाद थाना में गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ। इसमें पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विष्णु राय समेत 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
  • हाल में ही दीपनारायण के खिलाफ ईडी में भी एक केस पंजीकृत किया गया है।
  • कुछ दिन पहले गरौठा के भाजपा विधायक जवाहरलाल राजपूत को एक धमकी भरा पत्र मिला। इसमें भी दीपनारायण सिंह यादव को आरोपी बनाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here