मध्यप्रदेश:छतरपुर के चौक बाजार में दिखा तेंदुआ

छतरपुर शहर में तेंदुआ घूम रहा है। सीसीटीवी फुटेज में सुबह 3.48 बजे वह गोवर्धन टॉकीज की ओर जाता दिख रहा है। बताया जाता है कि 3 दिन पहले यह तेंदुआ कर्री गांव के समीप था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र से छतरपुर में घुसा है। अब यह शहर के सबसे पॉश चौक बाजार इलाके में है।

अब तक वन विभाग की टीम तेंदुए को खोज नहीं सकी तो वहीं तेंदुए ने गुरुवार को चौबे कॉलोनी इलाके में एक सूअर को अपना शिकार बनाया था। इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों को तेंदुए से सतर्क रहने की चेतावनी दी है। गुरुवार रात जानकारी मिली थी कि तेंदुआ चौबे कॉलोनी में मोनू व्यास के मकान के आंगन में तख्त के नीचे घुसा बैठा देखा गया है जहां उसकी पूंछ दिखाई दे रही है। शुक्रवार सुबह 3.48 बजे चौक बाजार के पास गोवर्धन टाकीज के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए को सड़क पर भागते देखा गया है। इसके बाद तेंदुआ बाजार के पास बसी घनी बस्ती की गलियों में भी दिखाई दिया है। सीसीटीवी के फुटेज इलाके में वायरल हो रहे हैं। वन विभाग की टीम पिछले 32 घंटों से तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रही है। लेकिन तेंदुए की सही लोकेशन नहीं मिल पाने की वजह से उसे सफलता नहीं मिल पा रही है। अब चौक बाजार क्षेत्र में टीम सक्रिय हुई है।

लोग घरों में दुबके 

शहर में तेंदुआ होने की खबर के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। तेंदुए के डर से लोग अपने-अपने घरों में दुबके हैं। उन्हें डर है कि कहीं तेंदुआ किसी पर हमला न कर दे। जिस इलाके में तेंदुआ छिपा बैठा था और निकल कर भागा है वहां जमीन और दीवारों पर तेंदुए के पंजे के निशान दिखाई दे रहे हैं। तेंदुए की लोकेशन अभी छतरपुर शहर ही बताई जा रही है।

पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन से मांगी मदद

वन विभाग की टीम अब तक तेंदुए की तलाश और पकड़ने में नाकाम रही है। गर्ल्स कॉलेज, उत्कृष्ट स्कूल और नंबर-2 स्कूल के आस-पास झाड़ी, सुनसान सरकारी भवनों में वन विभाग और नगर पालिका की टीम सर्चिंग कर चुकी है। वन विभाग ने पन्ना टाइगर रिजर्व मैनेजमेंट को भी तेंदुए की मूवमेंट के बारे में सूचित किया है। उसे पकड़ने में मदद मांगी गई है।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here