मॉब लिंचिंग मामला: एक बुजुर्ग को कुछ लोगों द्वारा पीटने का वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश में इन दिनों मॉब लिंचिंग के मामले तेजी से बढ़े हैं। सिवनी, फिर आलीराजपुर और अब नीमच। ताजा मामला नीमच का है, यहां के एक बुजुर्ग को कुछ लोगों द्वारा पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति मारते हुए पूछ रहा है कि तेरा नाम क्या मोहम्मद है? जावरा से आया है? चल तेरा आधार कार्ड बता। पिटने वाले बुजुर्ग का शव पुलिस को मिला है। उसके बाद ये वीडियो वायरल हो रहा है। मामले में भाजपा नेता पर केस दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार वीडियो मनासा का है। मार खा रहे व्यक्ति का नाम भंवरलाल चत्तर जैन है, उनकी उम्र 65 वर्ष है। जो रतलाम जिले के सरसी तहसील, जावरा के निवासी थे। पिटाई से उनकी मौत हो गई। शनिवार की सुबह मनासा रामपुरा रोड पर उनका शव मिला है। इसके बाद एक वीडियो वायरल होने लगा। इसमें भंवरलाल जैन पिटते दिख रहै हैं, उनसे पूछा जा रहा है कि ‘क्या तुम मुसलमान हो’। पिटाई करने का आरोप मनासा में पूर्व पार्षद बीना कुशवाहा के पति दिनेश कुशवाहा पर है। मनासा पुलिस ने दिनेश कुशवाहा और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। बीजेपी नेता के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने कहा है कि नीमच में मॉब लिंचिंग हुई है।

लापता थे, पुलिस ने फोटो डाला तो मिली जानकारी
सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा मृतक का फोटो डालने के बाद उसके परिवारजनों को इनकी जानकारी हुई। परिवार वाले सुबह ही मनासा आए और भंवरलाल जैन का गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने बताया कि भंवरलाल जैन मंदबुद्धि होकर पिछले 15 मई से अपने घर से चित्तौड़गढ़ के लिए निकले थे। पिछले 5 दिनों से इनके परिजन इनको खोज रहे थे। शव मिलने के बाद उन्हें मारपीट का वीडियो भी मिल गया।

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मृतक का भाई, गांव और जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में मनासा थाने पर एकत्रित हो गए। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। मारपीट करने वाला आरोपी दिनेश पिता बोथलाल कुशवाह है, जो मनासा के काछी मोहल्ले का ही रहने वाला है। बताया जा रहा है कि मारपीट वाला वीडियो आरोपी दिनेश ने खुद ही स्वच्छ भारत ग्रुप में वायरल किया था। उसके बाद ये वायरल हो गया। यही वीडियो अन्य ग्रुप में होते हुए भंवरलाल के परिजनों तक पहुंचा।

नीमच के मनासा थाने के टीआई केएल डांगी ने बताया कि रामपुरा रोड़ पर हमें एक शव मिला था। हमने मृतक के परिवारजनों के बारे में पता लगाया। शव को परिवार को सौंपा गया। आज यानी शनिवार को मृतक के भाई के मोबाइल पर एक वीडियो मिला। जिसमें उनके मृतक भाई के साथ एक व्यक्ति मारपीट कर रहा है। उस वीडियो की जांच की गई। बाद में उनके भाई ने रिपोर्ट लिखवाई। मामले में जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here