मुजफ्फरनगर। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर लिया। अस्पताल की इमरजेंसी, आइसोलेशन वार्ड और ब्लड बैंक का हाल देखा। चिकित्सकों और मरीजों से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी बघेल बुधवार को केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान और कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल के साथ अस्पताल के निरीक्षण के लिए पहुंचे। सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार और सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद मंत्री एसपी बघेल ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को देखा और चिकित्सकों से बात की। इसके बाद वह आइसोलेशन वार्ड में गए और मरीजों से उनका हाल जाना और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में भी पूछा। यहां से वह सीधे ब्लड बैंक में गए और ब्लीडिंग रूम और सेपरेशन यूनिट में व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने चिकित्सकों से ब्लड की सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने करीब 20 मिनट तक निरीक्षण किया। केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा एम्स बने हैं। मेडिकल कॉलेज हर जिले में हैं।
निरीक्षण की जानकारी मिली तो चकाचक हुआ अस्पताल

जैसे ही जिला चिकित्सालय प्रशासन को निरीक्षण की जानकारी मिली तो सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई। निरीक्षण के पहले ही पूरे अस्पताल परिसर में साफ-सफाई कराने के साथ चूना भी डलवाया गया। काफी समय से खराब वाटर कूलर को निरीक्षण से पहले ही ठीक करा दिया गया था।