नड्डा का उद्धव पर हमला- सत्ता के लालच में शिवसेना ने पीठ में घोंपा छुरा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज महाराष्ट्र दौरे पर हैं। उनकी इस यात्रा को आगामी चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। नड्डा ने चंद्रपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान नड्डा ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। नड्डा ने कहा कि जब विश्व मुसीबत के दौर से गुजर रहा है और हर देश खुद को संकट में पा रहा है तब हम विपरीत परिस्थित में भी आगे बढ़ रहे हैं। ये केवल प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व के ही कारण है। उन्होंने आगे कहा कि ब्रिटेन जैसा देश, जिसने हम पर 200 साल तक राज किया…उसको पछाड़ कर हम पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोप में कोरोना का टीकाकरण अभी तक पूरा नहीं हो पाया है, चीन की हालत आप देख ही चुके हैं। लेकिन भारत में 220 करोड़ से अधिक टीके लगा कर… जनता को सुरक्षा कवच देने का काम आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी ने किया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने 100 देशों को कोरोना वैक्सीन पहुंचाई और 48 देशों को तो मुफ्त उपलब्ध करवाई है। अब भारत विश्व से मांगने वाला देश नहीं बल्कि मोदी जी के नेतृत्व में देने वाला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में यूं ही नहीं हमारी शान बनी है, मोदी जी की नीतियों के कारण दुनिया का नजरिया बदला है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी ने लाल किले से ‘स्वच्छ भारत’ की बात कही तो कांग्रेस के नेताओं ने मजाक बनाया। क्यों… क्योंकि वो जिन घरानों से आते हैं उनको भारत की पीड़ा का अनुमान ही नहीं था। इस पीड़ा का अनुमान किसी को था तो आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को था। इसीलिए हमारे प्रयासों से देश में 12 करोड़ से अधिक शौचालय बने, महिलाओं को सुविधा मिली।

उद्धव ठाकरे पर हमला करते हुए नड्डा ने कहा कि सत्ता के लालच में शिवसेना ने पीठ में छुरा घोंपने का काम किया और उन लोगों के साथ खड़े हो गए जिनके खिलाफ श्री बाला साहेब हमेशा लड़ते रहे। ऐसे लोगों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसी सरकार आई जिसके मुखिया ने अपनी विचारधारा से ही समझौता कर लिया। पालघर में साधुओं के साथ जो बर्ताव हुआ… क्या दबाव था जो उद्धव सीबीआई जांच से पीछे हट गए? इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं आज इस मंच से आंकड़ें गिनवा रहा हूं… कोई कांग्रेसी इस तरह से काम गिनवा सकता है क्या? ये मोदी जी की बनाई कार्यव्यवस्था है जिसमें हम अपना ‘रिपोर्ट कार्ड’ साथ लेकर चलते हैं। हमने जो कहा है… वो किया है, जो कह देंगे वो कर के देंगे। विकास का दूसरा नाम भारतीय जनता पार्टी है और विकास पुरुष की पहचान नरेन्द्र मोदी के रूप में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here