बिहार में नीतीश कुमार हमारे नेता हैं, भाजपा-जदयू में कोई गतिरोध नहीं है: प्रधान

पटना. बिहार में बीजेपी और जेडीयू के बीच चल रही तनातनी की खबरों के बीच नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान ने बड़ा बयान दिया है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नीतीश कुमार हमारे नेता हैं। भाजपा और जदयू के बीच कोई गतिरोध नहीं है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम बिहार में सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद प्रधान भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नीतीश जी हमारे नेता हैं। स्वाभाविक है कि हम यहां आएंगे तो अपने नेतृत्व से मिलना हमारे काम का एक हिस्सा है। उनसे आत्मीय भेंट-मुलाकात हुई। अच्छी चर्चा हुई। पत्रकारों द्वारा भाजपा-जदयू के बीच जारी जुबानी जंग पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब स्थानीय नेता देंगे। हमारे बीच कोई गतिरोध नहीं है। सब ठीक है। कई बार सार्वजनिक मंच पर इसका प्रमाण हो चुका है।

प्रजातांत्रिक विषयों पर राजनीतिक पार्टियों में कभी-कभी भिन्न मत हो जाते हैं, लेकिन बिहार में हमें सेवा करने के लिए जो जनादेश मिला है, उसे हम पूरा कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 2025 तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

धर्मेंद्र प्रधान ने आगे कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा और एनडीए की ओर से द्रोपदी मुर्मू को प्रत्याशी बनाया है। पहली बार अनुसूचित जनजाति समुदाय की किसी महिला को, जो झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं, प्रत्याशी बनाया गया है। आनेवाले दिनों में चुनाव होना है। बिहार में भी एनडीए एक़जुट होकर उनका समर्थन करेगा। प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद प्रत्याशी की घोषणा हुई। नामांकन के दिन भी एनडीए के सभी घटक दलों के नेता शामिल रहे।

धर्मेंद्र प्रधान ने आगे कहा कि द्रोपदी मुर्मू आनेवाले दिनों में बिहार का दौरा करेंगी। यहां के विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों से समर्थन का अपील करने वह बिहार आयेंगी। इन तमाम विषयों पर नीतीश जी से मेरी अच्छी चर्चा हुई है। पूरा विश्वास है बिहार एकजुट होकर मुर्मू जी को वोट करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here