यूपी की जनता ने सपा-बसपा को नकारा, भाजपा को काम करने की जिम्मेदारी दी: नड्डा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा लगातार रणनीति बना रही है। इसी के तहत आज उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक हुई। इस बैठक को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान जेपी नड्डा ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर जमकर निशाना साधा और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास की जमकर सराहना की। जेपी नड्डा ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश तुष्टिकरण के जाल में जकड़ा था। जातीय आधार पर सत्ता का दुरुपयोग होता था, विकास नाम की चीज नहीं थी। उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार, अनाचार का अड्डा बना था। लेकिन अब उत्तर पिछले 4 साल में ऐसा प्रदेश बना है, जो देश के सबसे अग्रणी प्रदेशों में से है। मैं उत्तर प्रदेश की इकाई को, उत्तर प्रदेश सरकार और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं कि उन्होंने जिला परिषद के और ब्लाक प्रमुख चुनाव में अहम भूमिका निभाई और जीत दिलाई है।

नड्डा ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने जिला परिषद और ब्लाक के चुनावों में सिरे से सपा, बसपा को नकार दिया है। इन्हें घर बैठने का संदेश दिया है और भाजपा को काम करने की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने टेस्ट, ट्रेस और ट्रीट की रणनीति पर काम किया है। प्रदेश ने 5.7 करोड़ टेस्ट किए हैं। यहां की प्रति दिन टेस्टिंग क्षमता 1.5 लाख है। पीएम केयर्स फंड के माध्यम से देश भर में 1,500 से अधिक ऑक्सीजन प्लांट लग रहे हैं। उत्तर प्रदेश में 416 प्लांट लगने हैं, 300 प्लांट पर काम चल रहा है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं से निवेदन करता हूं कि इस काम में कोई परेशानी न आए, इसकी आप चिंता करें।

वहीं, अखिलेश पर तंज कसते हुए नड्डा ने कहा कि जहां हमारे देश ने कोरोना की वैक्सीन बनाई, वहीं हमारे देश के कुछ मंदबुद्धि नेता वैक्सीन के विरोध में बयान देते थे। उत्तर प्रदेश के नेता ने तो इसे भाजपा की वैक्सीन बता दिया। उनके पिता ने जब वैक्सीन लगवाई, तो उसके बाद बेटा भी तैयार हो गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने 7.68 लाख वैक्सीन 21 जून को पहले दिन ही ले ली थी। करीब 3.88 करोड़ वैक्सीन की डोज की उत्तर प्रदेश में खपत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के एक-एक व्यक्ति तक वैक्सीन पहुंचाकर, आप ‘भाजपा की वैक्सीन’ कहने वालों को मुंह तोड़ जवाब देंगे, ऐसी मैं आशा करता हूं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को भाजपा का हर कार्यकर्ता अपना कार्यक्रम बनाए। इस योजना के तहत हर जरूरतमंद व्यक्ति को मुफ्त राशन सही तरीके से प्राप्त हो, इस बात की भाजपा कार्यकर्ताओं को चिंता करनी पड़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here