पीएम मोदी आज करेंगे नागपुर-मुंबई के बीच समृद्धि महामार्ग का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को महाराष्ट्र में नागपुर-मुंबई के बीच बन रहे समृद्धि महामार्ग के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। जो राज्य के लिए गेम चेंजर साबित होगा। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री नागपुर में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और मिहान क्षेत्र में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी नागपुर से शिर्डी तक निर्माण पूरे हो चुके हिस्से का उद्घाटन करेंगे। छह लेन के इस राजमार्ग को ‘हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग’ नाम दिया गया है। समृद्धि महामार्ग के खुल जाने से देश के भौगोलिक केंद्र नागपुर से शिर्डी के बीच 520 किलोमीटर लंबे महामार्ग पर वाहन 120 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से वाहन दौड़ सकेंगे। यह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के बाद राज्य का दूसरा एक्सप्रेसवे है जिसकी संकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री व राज्य के वर्तमान उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने तैयार की थी। 

उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस वे एक नया आर्थिक गलियारा बनेगा जिसके माध्यम से 14 जिलों को एकीकृत कर बंदरगाह से जोड़ा जाएगा। कुल 49,250 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहे नागपुर से मुंबई के बीच 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे 11 जिलों में फैले 392 गांवों से होकर गुजरता है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान जारी कर कहा है कि महाराष्ट्र की दूसरी राजधानी की अपनी यात्रा के दौरान मोदी 75,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे।

कर्नाटक-महाराष्ट्र सीमा विवाद पर रुख स्पष्ट करें मोदी : उद्धव ठाकरे
पीएम मोदी के महाराष्ट्र दौरे के एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सीमा विवाद का मुद्दा उछाल दिया है। उन्होंने जालना में 42वें मराठवाड़ा साहित्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। महाराष्ट्र जानना चाहता है कि सीमा विवाद पर आपकी राय क्या है। कर्नाटक रास्ता बंद करने पर उतारू है। इसलिए पहले सीमा विवाद पर बात कीजिए। उसके बाद महामार्ग का उद्घाटन कीजिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here