पंजाब: बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग, गोलीबारी में चार लोगों की मौ

पंजाब के बठिंडा मिलिट्री स्टेशन के अंदर बुधवार तड़के करीब 04: 35 बजे फायरिंग की घटना हुई। इस घटना में चार लोगों की मौत की खबर है। स्टेशन क्विक रिएक्शन टीमों को सक्रिय कर दिया गया। पूरे इलाके को घेर लिया गया और सील कर दिया गया। सर्च ऑपरेशन जारी है। बठिंडा में आर्मी कैंट के सभी एंट्री गेट बंद कर दिए गए हैं।

दरअसल, बठिंडा मिलट्री स्टेशन में बुधवार सुबह करीब 4:30 फायरिंग से हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार फायरिंग में चार लोगों की मौत हुई है। मरने वाले सिविलियन है या आर्मी के जवान, यह अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। सूत्रों के अनुसार, आर्मी चीफ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करने के बाद पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी देंगे।

आर्मी सूत्रों से पता चला है कि उक्त घटना के बाद मौके पर पहुंची पंजाब पुलिस को कैंट के बाहर ही रोक लिया गया और उनको कहा गया कि अभी आर्मी का तलाशी अभियान चल रहा है। सूत्रों ने बताया आर्मी अधिकारियों ने कैंट अंदर घरों में रहने वाले लोगों को घरों से बाहर ना निकलने की सलाह दी है। 

बता दें कि बठिंडा मिलिट्री स्टेशन के गार्ड रूम से दो दिन पहले इंसास राइफल चोरी हुई थी। आज की घटना को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है। आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग पर बठिंडा एसएसपी का बयान आया है। उन्होंने कहा कि मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग आतंकी घटना नहीं है। सूत्रों के अनुसार, बठिंडा मिलिट्री स्टेशन से मैगजीन के साथ एक इंसास राइफल दो दिन पहले गायब हुई थी। लापता हथियार की तलाश की जा रही है। 

घटना के बाद कैंट को पूरी तरह किया सील

इस घटना के बाद बठिंडा कैंट को पूरी तरह सील कर दिया गया और कैंट पुलिस के साथ पंजाब पुलिस ने कैंट को जाने वाले हर रास्ते पर नाकाबंदी कर दी। पूरे मामले की अभी तक आर्मी की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

दो दिन पहले कैंट के जंगलों से मिला एक व्यक्ति का शव

सूत्रों ने बताया कि दो दिन पहले कैंट के अंदर जंगलों से एक व्यक्ति का शव मिला था। जिसको कुत्तों ने नोच-नोच कर खाया हुआ था। मृतक सेना का जवान बताया जा रहा।

तलवंडी साबो से मात्र 35 किलोमीटर दूर

बठिंडा के तलवंडी साबो में दो दिन बाद खालसा साजना दिवस पर लाखों की सिख संगत इकट्ठे होने वाली है। इसी के मद्देनजर पिछले कई दिनों से बठिंडा में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था। ऐसे में फायरिंग की आवाज से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। बुधवार तड़के जहां फायरिंग हुई वह क्षेत्र तलवंडी साबो से मात्र 35 किलोमीटर दूर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here