उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की आज शपथ लेंगे पुष्कर सिंह धामी

नई दिल्ली। भाजपा नेता पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री की आज शाम 6 बजे शपथ लेंगे। वह प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री होंगे। अहम बात है कि पिछले चार महीनों में वह प्रदेश के तीसरे मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। धामी खाटिमा विधानसभा क्षेत्र से आते हैं। आज धामी के साथ कई कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे। दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद शुक्रवार को 57 विधायकों ने धामी को अपना नेता चुनने का फैसला लिया। विधायक दल की बैठक नरेंद्र सिंह तोमर के साथ हुई, जिसके बाद धामी को मुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। संवैधानिक संकट की वजह से रावत को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। प्रदेश के मुख्यमंत्री की रेस में सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत भी थे। मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरी पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता को नियुक्त किया है, जोकि पिथौरागढ़ में लोगों की सेवा के लिए पैदा हुआ। हम लोगों के लिए एक साथ मिलकर काम करेंगे। छोटे से समय में लोगों के साथ मिलकर हम प्रदेश की जनता की सेवा की चुनौती को स्वीकार करते हैं।

धामी के मुख्यमंत्री पद पर नियुक्त किए जाने के बाद प्रदेश भाजपा सांसद अजय भट्ट ने कहा कि हम इस फैसले से खुश हैं,हमे युवा नेता मिला है, हम 2022 के विधानसभा चुनाव में अच्छे अंतर से जीत दर्ज करेंगे। बता दें कि पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड भाजपा का युवा नेता माना जाता है, वह पार्टी के युवा मोर्चा के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष 2002 से 2008 के बीच वह इस पद पर रहे। धामी के पिता सेना में रह चुके हैं।। खटीमा विधानसभा सीट से धामी ने लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। कई दिग्गजों को पीछे छोड़ धामी ने मुख्यमंत्री पद की रेस जीती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here