राहुल को लगता है वह शासन करने के लिए पैदा हुए हैं, यह ‘सेवकों’ का समय है: रिजिजू

संसद में राहुल गांधी के भाषण पर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि भारत एक गणतंत्र है। यह राज्य नहीं, जहां आप जन्म से ही लीडर बन जाते हैं। यहां जनता अपना प्रतिनिधि चुनती है। राहुल गांधी को लगता है कि वह शासन करने के लिए पैदा हुए हैं, लेकिन यह ‘सेवकों’ का समय है। रिजिजू ने आगे कहा कि, राहुल गांधी हमेशा ऐसे बयान देते हैं, जो देश को नुकसान और दुश्मन को फायदा पहुंचाते हैं। एक जिम्मेदार नेता को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। 

इससे पहले रिजिजू ने ट्वीट भी किया था कि, दो भारत हैं एक रेव पार्टियां करने वाला और दूसरा सादा जीवन जीते हुए भारत के बारे में सोचने वाला। रिजिजू का यह ट्वीट तब आया जब राहुल गांधी ने बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान कहा था कि आज दो भारत हैं। एक अमीरों का भारत, दूसरा गरीबों का। इन दो भारत के बीच की खाई बढ़ती जा रही। 

 “दो भारत हैं: पहला- लोग उच्च श्रेणी के सामाजिक जीवन का आनंद लेते हैं। रेव पार्टियां करते हैं। विदेश में छुट्टी मनाते हैं और रंगीन जीवन जीते हैं।  दूसरा- भारत में लोग सादा जीवन जीते हैं। जरूरतमंद लोगों के साथ रहते हैं। भारत के बारे में सोचते हैं। भारतीय परंपराओं का पालन करते हैं।”

क्या कहा था राहुल गांधी ने 
धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि, “मुझे लगता है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में नौकरशाही विचारों का जिक्र था। इसमें सच्चाई का काफी अभाव था। अभिभाषण में सरकार के कामों की लंबी सूची तो थी, लेकिन इसमें यह नहीं बताया गया कि आज भारत बंट चुका है। आज एक नहीं दो भारत हो गए हैं। एक अमीरों का हिंदुस्तान और एक गरीबों का हिंदुस्तान और इन दोनों हिंदुस्तानों में खाई बढ़ती जा रही है।”

जब ओम बिरला ने लगाई क्लास
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि मैं सांसद(कमलेश पासवान) को बोलने की अनुमति देता हूं। इस पर ओम बिरला ने कहा कि “यह अनुमति देने वाले आप कौन हैं? आप अनुमति नहीं दे सकते, यह मेरा अधिकार है।”

राहुल गांधी भ्रमित और बिना दिमाग के नेता: प्रह्लाद जोशी
वहीं, संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को ‘किंग’ कहा। मैं कहना चाहता हूं कि उन्हें गांधी परिवार के कारण कांग्रेस नेता के तौर पर बोलने का मौका मिल रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों का दिल जीता है और वह लोकतांत्रिक रूप से चुने गए नेता हैं। जोशी ने कहा, ‘राहुल गांधी एक भ्रमित और बिना दिमाग वाले नेता हैं। वह कहते हैं कि भारत एक देश नहीं है। उन्होंने कहा कि चीन का विजन बिल्कुल साफ है। आप क्या चीन का समर्थन करने आए हैं? तिब्बत की समस्या केवल कांग्रेस की वजह से है।’

कांग्रेस की मानसिकता जनता अच्छे से समझती है: सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राहुल गांधी जो असम के नेताओं की मौजूदगी में कुत्तों को बिस्किट खिलाना पसंद करते हैं और बाद में नेताओं को उसी बिस्किट की पेशकश करते हैं, ऐसे लोगों को राजनीतिक शालीनता के बारे में सबसे आखिर में बात करनी चाहिए। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मानसिकता के बारे में देश की जनता बहुत अच्छे से जानती है।

राहुल गांधी इससे भी चूक गए: जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि लोकसभा में राहुल गांधी ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर एक विदेशी मेहमान नहीं बुला सके। जो लोग भारत में रहते हैं वह जानते हैं कि हम कोरोना महामारी की लहर के बीच में हैं। पांच मध्य एशियाई देशों के राष्ट्रपति जो समारोह में आने वाले थे उन्होंने 27 जनवरी को वर्चुअल सम्मेलन में भाग लिया था। जयशंकर मे सवाल किया कि क्या राहुल गांधी इससे भी चूक गए?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here