उत्तराखंड में आज से प्रदेशभर में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल, नहीं चलेंगी बसें

उत्तराखंड में आज से रोडवेज कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने सभी डिपो में पहली बस सेवा से ही हड़ताल का एलान किया है। वहीं, परिवहन निगम ने कर्मचारी यूनियन को वार्ता के लिए बुलाया है। वार्ता के बाद बुधवार को यूनियन आगे का फैसला लेगी।

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की ओर से वेतन भुगतान सहित सात सूत्री मांग को लेकर देहरादून मंडल में पांच दिन से हड़ताल की जा रही है। अब रोडवेज के सभी मंडलों में 13 जनवरी से हड़ताल शुरू होगी। यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि यूनियन से जुड़े करीब 3500 कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इनमें बड़ी संख्या ड्राईवर और कंडक्टरों की है। इस वजह से बस सेवा करीब 80 फीसदी तक ठप रहने की आशंका है।

हालांकि 20 फीसदी ड्राईवर बसें संचालित करेंगे। उधर, परिवहन निगम ने बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों की मांगों पर सुनवाई के लिए वार्ता को बुलाया है। यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती, वह आंदोलन जारी रखेंगे। निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन का कहना है कि कर्मचारी यूनियन से वार्ता कर उन्हें मनाने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here