पीएम के फोन से रुका रूस-यूक्रेन युद्ध, पूर्व सैनिकों को भी छुड़ाया: राजनाथ

लोकसभा चुनाव को लेकर देश में प्रचार अभियान जोरों पर है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार एनडीए 400 पार का नारा दिया है। इसी बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को राजस्थान के बीकानेर पहुंचे। राजनाथ सिंह ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए जहां केंद्र की नीतियों और पीएम मोदी के कार्यों के तारीफ की तो वहीं विपक्षियों की जमकर धज्जियां उड़ाईं। इस दौरान राजनाथ सिंह ने रूस-यूक्रेन युद्ध का भी जिक्र किया।

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हुआ था। उस समय भारत के बहुत से बच्चे यूक्रेन में पढ़ाई कर रहा थे, जिसके बाद बच्चों के माता पिता ने पीएम मोदी से उन्हें यूक्रेन से वापस लाने की गुहार लगाई। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना देर किए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ ही अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को फोन लगाया। जिसके बाद साढ़े चार घंटे के लिए युद्ध को रोक दिया गया था और भारत के लोग वापस आ गए।

राजनाथ सिंह ने इस दौरान कतर की घटना का भी जिक्र किया। सिंह ने कहा कि कतर में गए भारत के कुछ पूर्व नौसेना के जवानों को वहां की कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई थी। उस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कतर के राष्ट्राध्यक्ष को फोन लगाया, जिसके बाद पूर्व नौ सैनिकों को छोड़ दिया गया और वो सभी लोग भारत सकुशल वापस आए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जगत पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। इसे कोई नकार नहीं सकता। उन्होंने कहा कि पहले भारत की बातों को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता था, लेकिन आज अगर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत कुछ बोलता है तो सारी दुनिया कान खोलकर उसकी बातों को सुनती है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि दुनिया भारत को आशा और विश्वास की नजर से देख रही है। इन सभी बातों का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को जाता है। सिंह ने कहा कि अरब के पांच देशों ने वहां के सर्वोच्च सम्मान से पीएम मोदी को नवाजा है।

राजनाथ सिंह ने सूबे की पिछली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। घर में घुस कर लोगों के गले काट दिए गए, लोगों का मार दिया जाता था, लेकिन मौजूदा भजनलाल सरकार ने जिस तरह से कानून व्यवस्था को लेकर चुस्त दुरुस्त कदम उठाए हैं वो काबिल-ए-तारीफ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here