BJP छोड़ते ही खत्म हुआ शत्रुघ्न सिन्हा का जलवा, पहले खुद हारे, फिर पत्नी और अब बेटे

शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा ने पटना की बांकीपुर सीट गंवा दी है। उन्हें बीजेपी के प्रत्याशी नितिन नवीन ने करारी शिकस्त दी है। बता दें कि लव सिन्हा बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत हार के साथ की है। कांग्रेस के टिकट पर बांकीपुर विधानसभा सीट से उतरे लव सिन्हा को 14332 (28.61%) वोट मिले जबकि बीजेपी के प्रत्याशी नितिन नवीन को 31226 (62.34%) वोट हासिल हुए। ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि लव सिन्हा को पिता के स्टारडम का फायदा मिलेगा, जबकि ऐसा कुछ नहीं हो सका। 

इससे पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा चुनाव मैदान में उतरी थीं। जहां उन्हें करारी हार का मुंह देखना पड़ा। पूनम सिन्हा ने बीजेपी के कद्दावर नेता राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था। सपा-बसपा गठजोड़ के चलते माना जा रहा था कि पूनम सिन्हा राजनाथ को कड़ी टक्कर दे पाएंगी। जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ और राजनाथ आसानी से चुनाव जीत गए थे। राजनाथ सिंह को चुनाव में साढ़े तीन लाख से भी अधिक वोट मिले थे। 

वहीं खुद भी साल 2019 के लोकसभा चुनाव में ‘शॉटगन’ को पटना साहिब सीट से बीजेपी के प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद से मात मिली थी। ये अलग बात है कि इससे पहले साल 2014 के चुनाव में बीजेपी के टिकट पर शत्रुघ्न सिन्हा को बड़ी जीत हासिल हुई थी। जबकि साल 2019 के चुनाव में बीजेपी ने शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट ही काट दिया था। जिसके बाद शॉटगन ने पार्टी छोड़ दी और कांग्रेस के टिकट पर पटना साहिब से चुनाव में कूदे थे। नतीजा ये हुआ कि उन्हें करीब तीन लाख वोटों से हार का सामना करना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here