सपा ने आलोक शाक्य को उपचुनाव से पहले मैनपुरी का जिलाध्यक्ष बनाया

मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा दांव खेला है। उन्होंने आलोक शाक्य को सपा का जिलाध्यक्ष बनाया है। आलोक भोगांव के रहने वाले हैं। पूर्व में मंत्री रह चुके हैं। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बुधवार शाम को उनके नाम की घोषणा की। उपचुनाव में सपा प्रत्याशी किसे बनाया जाएगा, इस पर सस्पेंस बरकरार है। 

लोकसभा उपचुनाव की घोषणा के साथ ही सपा और भाजपा जिले के जनाधार वाली जातियों को साधने में जुट गए। एक तरफ जहां भाजपा मुलायम के गढ़ को भेदने के लिए शाक्य प्रत्याशी की तलाश में है। इससे पहले सपा ने शाक्य मतदाताओं को साधने के लिए बड़ा दांव खेला है। भोगांव के पूर्व मंत्री आलोक शाक्य को जिलाध्यक्ष की कमान सौंप दी है। 

पांच दिसंबर को होगा उपचुनाव 

सपा संरक्षक सांसद मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव होना है। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार उपचुनाव के लिए 10 नवंबर को अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। पांच दिसंबर को मतदान होगा। मतदान के बाद आठ दिसंबर को मतगणना होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here