दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में शुमार टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज 42 साल के हो गए। माही ने न सिर्फ टीम इंडिया को विश्व चैंपियन बनाया बल्कि आईपीएल में उनका अभी भी जलवा कायम है। इसी साल उन्होंने अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स को रिकॉर्ड पांचवीं बार चैंपियन बनाया। फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ रवींद्र जडेजा ने दो गेंदों पर 10 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी और ट्रॉफी धोनी को डेडिकेट किया था। अब उनके बर्थडे पर भी जडेजा ने एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। सिर्फ जडेजा ही नहीं हार्दिक पांड्या और दुनियाभर के तमाम क्रिकटर्स और फैंस अपने पसंदीदा धोनी के लिए पोस्ट कर रहे हैं।

जडेजा और हार्दिक ने ऐसे किया विश

https://twitter.com/imjadeja/status/1677133343761072130?s=20

जैसे ही धोनी ने शुक्रवार को अपना 42वां जन्मदिन मनाया, जडेजा ने ट्विटर पर आईपीएल 2023 फाइनल की एक विशेष तस्वीर के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं। फाइनल के बाद धोनी को गले लगाते हुए एक तस्वीर के कैप्शन में जडेजा ने लिखा, "2009 से लेकर आज तक और हमेशा के लिए आप मेरा प्रेरण रहेंगे। आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं माही भाई। जल्द ही सीएसके में मिलते हैं।"

वहीं, हार्दिक ने धोनी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- हैप्पी बर्थडे मेरे पसंदीदा माही। 

https://twitter.com/DHONIism/status/1676949947113959425?s=20

फैंस ने ऐसे किया विश

वहीं, फैंस ने भी धोनी का बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। हैदराबाद और आंध्र प्रदेश के नंदीगाम में धोनी को बड़े-बड़े कट आउट लगाए गए हैं। हैदराबाद में लगाया गया कट आउट 52 फीट ऊंचा है और उसमें वह भारतीय जर्सी में हैं, तो नंदीगाम में लगाया गया कट आउट 77 फीट ऊंचा है और इसमें माही चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में दिख रहे हैं। इतना ही नहीं नंदीगाम में लोगों ने कट आउट को दूध से भी नहलाया।

धोनी भारत के सर्वकालिक महान कप्तानों में से एक

एमएस धोनी को सर्वकालिक महान भारतीय कप्तानों में से एक और सीमित ओवरों के क्रिकेट के इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है। वह आईसीसी द्वारा आयोजित सभी तीन व्हाइट बॉल टूर्नामेंट- टी20 विश्व कप, विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। उन्होंने भारत को 2007 टी20 विश्व कप खिताब दिलाया, जो टीम के कप्तान के रूप में उनका पहला कार्यभार था।

इसके बाद वह 1983 में कपिल देव के बाद दूसरे भारतीय बने जिन्होंने टीम को 2011 में वनडे विश्व कप खिताब दिलाया। इसके बाद उन्होंने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत को जीत दिलाई। यह तकनीकी रूप से भारत की दूसरी चैंपियंस ट्रॉफी थी। 2002 में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी खिताब को श्रीलंका के साथ साझा किया था। 2009 में जब भारत पहली बार टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचा तो धोनी भी कप्तान थे।

सीएसके को भी बनाया चैंपियन

MS Dhoni Birthday: Ravindra Jadeja to Hardik Pandya, star cricketers and fans wished Dhoni on birthday, Photos

धोनी आईपीएल के इतिहास में भी सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। वह पहले आईपीएल सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं और उन्होंने टीम को रिकॉर्ड पांच आईपीएल खिताब दिलाए हैं। टी20 लीग में कप्तान के रूप में सर्वाधिक खिताब जीतने का रिकॉर्ड उनके अलावा मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा के नाम है। इसके अलावा धोनी की कप्तानी में सीएसके की टीम सिर्फ दो बार प्लेऑफ यानी अंतिम-चार में नहीं पहुंची है। बाकी हर सीजन में सीएसके की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब रहती है।

धोनी महान फिनिशर्स में शामिल

MS Dhoni Birthday: Ravindra Jadeja to Hardik Pandya, star cricketers and fans wished Dhoni on birthday, Photos

धोनी को सीमित ओवरों के क्रिकेट के इतिहास में महान फिनिशरों में से एक माना जाता है। 2014 में टेस्ट से अचानक संन्यास लेने से पहले उन्होंने 90 मैच खेले, जिसमें 38.09 की औसत से छह शतक और 33 अर्द्धशतक के साथ 4876 रन बनाए। उनके 294 शिकार टेस्ट क्रिकेट में किसी भारतीय विकेटकीपर द्वारा सबसे ज्यादा और कुल मिलाकर पांचवें सबसे ज्यादा हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ मार्क बाउचर, एडम गिलक्रिस्ट, इयान हीली और रॉडनी मार्श हैं। वनडे में धोनी ने 350 मैचों में 50.57 की औसत से 10 शतक और 73 अर्धशतक के साथ 10,773 रन बनाए। धोनी ने भारत के लिए 98 टी20 खेले, जिसमें 126.13 के स्ट्राइक रेट से दो अर्धशतकों के साथ 1617 रन बनाए।