झारखंड की राजधानी रांची में नशे के कारोबार की रोकथाम में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नामकुम इलाके से 4.5 क्विंटल अफीम का डोडा पकड़ा गया है। इसकी तस्करी करने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य सरगना क्रेटा कार से माल को स्कॉट कर रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस घेराबंदी कर पहले अफीम का डोडा जब्त किया। इसके बाद मुख्य तस्कर को भी दबोच लिया गया।
अफीम के तस्करों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि अफीम का डोडा पिकअप वैन में भरकर ले जाया जा रहा था। क्रेटा कार इसके आगे चल रही थी। नामकुम थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने बताया कि फिलहाल तस्करों से पूछताछ की जा रही है, कुछ दूसरे तस्करों का भी नाम आया है।
राज्य के कई जिलों में फैला है कारोबार
झारखंड में अफीम का कारोबार कई जिलों में फैसला है। खूंटी व चतरा जिले इसके लिए सर्वाधिक बदनाम रहे हैं। इसके अलावा, रांची, पलामू,लातेहार, पश्चिम सिंहभूम व सिमडेगा जिले के कुछ क्षेत्रों में अफीम की खेती की जानकारी मिलती रही है। स्थानीय पुलिस अक्सर छापेमारी कर फसल को नष्ट करती रही है।
इसके बावजूद नशे के इस कारोबार का पूरा नेटवर्क अपना काम करता रहता है। नक्सल व उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र किसानों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर इसकी खेती कराई जाती है। फसल तैयार होने पर इसकी ऊंची कीमत मिलती है। इस धंधे में नक्सलियों व उग्रवादियों की संलिप्तता भी कई बार सामने आई है।