प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को गुरुवार को योजना की 24वीं किश्त जारी की गई। हर महीने बहनों को 1250 रुपये देकर सरकार रक्षाबंधन का प्रतीकात्मक सम्मान दे रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत में नारियों के सम्मान की परंपरा प्राचीन काल से रही है। उन्होंने कहा कि हमने बहनों से जो वादा किया था, उसे निभा रहे हैं। भगवान श्रीराम की संस्कृति का पालन करते हुए हम वचन का पालन कर रहे हैं। लाड़ली बहनों को सम्मान देने से पूरे प्रदेश में गर्व का माहौल है। अब तक बहनों को 28 हजार करोड़ से अधिक का लाभ दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बहनों के हित में हमेशा खड़ी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि बहनों के खातों में राशि पहुंचने से घर में समृद्धि बनी रहती है। भारत की पारिवारिक संस्कृति ऐसी है कि मां अपने हिस्से का भोजन बेटे को कराकर खुश रहती है। भारत वह देश है जहां भूमि को भी मां के रूप में पूजा जाता है। मुख्यमंत्री ने सीधी में विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरण और विकास कार्यों के लोकार्पण के दौरान यह बातें कहीं।

कितनी राशि का हुआ अंतरण?

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में 1551 करोड़ 89 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 56 लाख 83 हजार लाभार्थियों को 341 करोड़ रुपये और 26 लाख से अधिक बहनों को सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 30 करोड़ 83 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। साथ ही, सीधी जिले में 112 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन भी किया गया।

किसानों के लिए भी राहत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि सरकार हर महीने लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों के खातों में राशि भेज रही है। साथ ही, किसानों को प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ भी दिया जा रहा है। इस वित्तीय वर्ष में प्रदेश के समग्र विकास के लिए 4 लाख 21 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है। सरकार ने वर्ष 2047 तक प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 22 लाख 50 हजार रुपये तक करने का लक्ष्य रखा है।

सेना के नेतृत्व में विंध्य क्षेत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य क्षेत्र हमेशा से सेना के नेतृत्व में अग्रणी रहा है। यहां से थलसेना और नौसेना के शीर्ष अधिकारी निकलना गर्व की बात है। भारतीय सेना ने पराक्रम दिखाते हुए पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया और आतंकियों का खात्मा कर सीमा पर दिवाली मनाई।

कार्यक्रम में स्वागत और सम्मान

समारोह में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत करते हुए कहा कि उनका विंध्य से गहरा नाता है। विधायक रीती पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सीधी विधानसभा क्षेत्र को 112 करोड़ रुपये की सौगात देकर विकास की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का परंपरागत आदिवासी नृत्य से स्वागत किया गया और उन्होंने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। बोर्ड परीक्षा में मैरिट सूची में आने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।