मुंबई के नालासोपारा इलाके में एक महिला ने अपने 20 वर्षीय प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और सबूत छुपाने के लिए शव को घर में ही टाइल्स के नीचे दफना दिया। पुलिस ने सोमवार को मृतक की पहचान 32 वर्षीय विजय चौहान के रूप में की, जो उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का निवासी था। आरोपी पत्नी गुड़िया देवी और उसका प्रेमी घटना के बाद से फरार हैं।

जानकारी के मुताबिक, विजय चौहान पिछले कई वर्षों से अपनी पत्नी गुड़िया और छह वर्षीय बेटे के साथ नालासोपारा (पूर्व) के धानुबाग क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, गुड़िया का पड़ोस में रहने वाले मोनू विश्वकर्मा से अवैध संबंध था। इसी प्रेम संबंध को रास्ता देने के लिए दोनों ने मिलकर विजय की हत्या की साजिश रची।

करीब पंद्रह दिन पहले दोनों ने घर के भीतर छह फुट लंबा और चार फुट गहरा गड्ढा खोदा और हत्या के बाद शव को वहीं दफना दिया। हत्या के बाद उस स्थान पर टाइल्स लगवा दी गईं, ताकि किसी को शक न हो।

पति के भाई से करवा दी टाइल्स की मरम्मत

गुड़िया ने इस काम के लिए विजय के छोटे भाई को बुलाया, जो पेशे से मिस्त्री है। उसे बताया गया कि गड्ढा बाथरूम के लिए खोदा गया है और अब टाइल्स लगानी हैं। भाई ने बिना किसी संदेह के टाइल्स लगाकर गड्ढे को ढक दिया। काम के बदले उसे एक हजार रुपये भी दिए गए।

लंबे समय से नहीं हुआ संपर्क, दुर्गंध से हुआ खुलासा

विजय के परिजन जब कई दिनों तक उससे संपर्क नहीं कर पाए तो उन्होंने घर जाकर खोजबीन शुरू की। घर में बदबू फैलने के बाद संदेह गहराया और टाइल्स हटाकर जब नीचे की जांच की गई तो शव बरामद हुआ। पड़ोसियों ने भी बताया कि गुड़िया और मोनू का प्रेम संबंध लंबे समय से चल रहा था, जिसकी जानकारी मृतक विजय को हो चुकी थी।

OTP के लिए पति का सिम भी ले गई साथ

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गुड़िया ने विजय के मोबाइल की सिम निकालकर अपने फोन में डाल ली थी, ताकि उसके बैंक खातों से जुड़ा ओटीपी प्राप्त कर पैसों की निकासी की जा सके।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र वनकोटी ने बताया कि शव को रविवार शाम को फॉरेंसिक टीम, तहसील प्रशासन और चिकित्सकों की मौजूदगी में बाहर निकाला गया। इस मामले में हत्या, साजिश रचने और सबूत मिटाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।