महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और रविवार को मुंबई में बीएमडब्ल्यू कार से हुए हादसे में इसका क्रियान्वयन अलग नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस विभाग को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, कावेरी नखवा (45 वर्षीय) की उस समय मौत हो गई, जब वह अपने पति प्रदीप के साथ वर्ली में एनी बेसेंट रोड पर दोपहिया वाहन से सफर कर रही थीं। दोपहिया वाहन को एक बीएमडब्ल्यू कार ने टक्कर मार दी। कार के चालक राजेश शाह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्हें हिरासत में लिया गया है। विज्ञापन
यह पूछे जाने पर कि क्या मुंबई में हुई दुर्घटना में शामिल व्यक्ति शिवसेना नेता का बेटा है, मुख्यमंत्री ने कहा, कानून सभी के लिए बराबर है और सरकार हर मामले को समान रूप से देखती है। इस हादसे के लिए अलग से कोई नियम नहीं होगा। सब कुछ कानून के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी को नहीं बचाएगी। मुंबई में हुई दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने पुलिस विभाग को सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
दो महीने पहले पुणे के कल्याणी नगर इलाके में इसी तरह का हादसा हुआ था। कार में सवार नाबालिग चालक कथित तौर पर नशे में धुत था। उसकी कार एक मोटरसाइकिल से टकराई थी। जिसमें मध्यप्रदेश निवासी दो आईटी पेशेवरों की मौत हो गई थी। इस गंभीर हादसे के आरोपी नाबालिग को अदालत से कुछ ही घंटों के भीतर आसान शर्तों के साथ जमानत मिली तो यह मामला सुर्खियों में आया था।
आदित्य ठाकरे ने किया वर्ली पुलिस थाने का दौरा
उधर, शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आज वर्ली पुलिस थाने का दौरा किया और वर्ली में आज हुए हिट एंड रन मामले की जांच कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। मैं हिट एंड रन मामले के आरोपी शाह के राजनीतिक झुकाव में नहीं जाऊंगा। लेकिन मुझे उम्मीद है कि पुलिस आरोपी को पकड़ने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए तेजी से कार्रवाई करेगी। उम्मीद है शासन की ओर से कोई राजनीतिक शरण नहीं होगी। आदित्य ने कहा कि वह और उनके सहयोगी एमएलसी सुनील शिंदे ने पीड़िता के पति प्रदीप नखवा से मुलाकात की और आरोपियों को न्याय के कठघरे में खड़ा करने के लिए हरसंभव मददा का वादा किया।