महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शिवसेना सांसदों और विधायकों के साथ शनिवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या के लिए रवाना हुए। इससे एक दिन पहले शिवसेना के तीन हजार से ज्यादा शिवसेना कार्यकर्ता दो ट्रेनों में रामनगरी के लिए रवाना हुए थे।
उत्तर प्रदेश के डीजीपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
वहीं, शिदें के दौरे से पहले आज उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजकुमार विश्वकर्मा आयोध्या पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीजीपी ने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अफसरों से प्रवेश द्वार से लेकर निकास द्वार और हनुमानगढ़ी के सरहद की सुरक्षा की जानकारी ली। डीजीपी के साथ एडीजी लॉ एंड आर्डर, एडीजी सुरक्षा, आईजी, डीआईजी और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यूपी डीजीपी राम जन्मभूमि का दर्शन कर वहां की भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे।
शिवसेना सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के लिए होटल बुक
मुख्यमंत्री शिंदे करीब नौ घंटे अयोध्या में बिताएंगे। भगवान राम के बन रहे भव्य मंदिर का जायजा लेंगे और निर्माण कार्य को देखेंगे। उनके साथ हजारों शिवसैनिकों के अयोध्या में पहुंचने की संभावना है। शिवसेना सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के ठहरने के लिए मंदिरों की नगरी के लगभग सभी होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं बुक कर ली गई हैं।
कल लखनऊ से अयोध्या के लिए रवाना होंगे मुख्यमंत्री शिंदे
महाराष्ट्र सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री शनिवार शाम लखनऊ पहुंचेंगे। लखनऊ में ही उनके रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। रविवार की सुबह वह हेलीकॉप्टर से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सरयू नदी के तट पर लैंड करेगा।