मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और मस्जिद बंदर के बीच स्थित ऐतिहासिक कर्नाक ब्रिज का नाम बदलकर अब ‘सिंदूर ब्रिज’ कर दिया गया है। यह नाम भारतीय सेना द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित है। नया पुल 154 साल पुराने संरचनात्मक रूप से कमजोर घोषित किए गए पुराने पुल के स्थान पर बनाया गया है।
328 मीटर लंबे इस पुल के शुरू होने से प्रतिदिन लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। दो दिन के भीतर इसे यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। इसका उद्घाटन गुरुवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा किया जाएगा।
ब्रिटिश नाम से हटकर भारतीय समर्पण की ओर
पूर्व में यह पुल ब्रिटिश गवर्नर जेम्स रिवेट कर्नाक के नाम पर था। नाम बदलने को लेकर काफी समय से विचार चल रहा था और नाम तय न होने के कारण उद्घाटन टलता जा रहा था। अब ‘सिंदूर ब्रिज’ नाम को औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद उद्घाटन का रास्ता साफ हो गया है। यह पुल दक्षिण मुंबई के मोहम्मद अली रोड, मस्जिद बंदर और CSMT को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है।
60 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण
पुराना पुल नवंबर 2022 में सुरक्षा कारणों के चलते ढहा दिया गया था। इसके बाद मध्य रेलवे और बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने मिलकर इसका पुनर्निर्माण कराया। नए सिंदूर ब्रिज के निर्माण में लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।