महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक 17 वर्षीय लड़की ने ऑनलाइन ये सर्च किया कि 'मृत्यु के बाद क्या होता है', इसके बाद उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने बताया कि मृतका एक निजी स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा थी और नागपुर में आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक की इकलौती संतान थी।
कलाई काटी, क्रॉस बनाया फिर रेत लिया गला
वह अक्सर मृत्यु और विदेशी संस्कृतियों के बारे में जानकारी सर्च किया करती थी। पुलिस ने बताया कि उसने कथित तौर पर पहले अपनी कलाई को चाकू काटा और ऑनलाइन ऑर्डर किए गए 'स्टोन ब्लेड चाकू' से क्रॉस का निशान बनाए। इसके बाद उसने गला रेतकर आत्महत्या कर ली।
मृतका की डायरियों में मिले कई अन्य सबूत
पुलिस ने बताया कि उसकी मां ने सोमवार को सुबह करीब 5.45 बजे छत्रपति नगर इलाके में अपने घर के बेडरूम में उसे खून से लथपथ पाया और शोर मचाया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में धंतोली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया और उसकी जांच की तो पता चला कि वह गूगल पर 'मौत के बाद क्या होता है' के बारे में जानकारी सर्च कर रही थी। उन्होंने बताया कि उसने अपनी डायरियों में विदेशी संस्कृतियों के बारे में विस्तार से लिखा था।
'लड़की को यूरोपीय संस्कृति में थी विशेष रुचि'
वहीं जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लड़की को यूरोपीय संस्कृति में विशेष रुचि थी और वह कुछ समय से मृत्यु पर शोध कर रही थी। इससे पता चलता है कि वह कई हफ्तों से आत्महत्या की योजना बना रही थी। वहीं शव की जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि लड़की की कलाई पर पांच कट थे, जिसमें दो क्रॉस के निशान थे और उसने अपना गला भी काटा था। अधिकारी ने बताया कि जांच से पता चला है कि लड़की ऑनलाइन गेमिंग की आदी थी और अक्सर मृत्यु और विदेशी संस्कृतियों के बारे में जानकारी खोजती थी।
बच्ची ने ऑनलाइन मंगवाए थे ब्लेड और चाकू- पुलिस
उन्होंने बताया कि ब्लेड और लकड़ी के हैंडल वाला चाकू, जिसका इस्तेमाल उसने कथित तौर पर अपनी जान लेने के लिए किया था, वे स्थानीय बाजार में उपलब्ध नहीं है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि लड़की ने चाकू ऑनलाइन मंगवाया होगा और अधिकारी उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर रहे हैं। लड़की अपने माता-पिता के साथ उनके घर के नीचे के कमरों में रहती थी, जबकि पहली मंजिल पर उसके चाचा का परिवार और दादी रहती थीं। फिलहाल, धंतोली पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।